मोती कटरा के हनुमान चौराहा स्थित संत निलय जत्ती कटरा में 2625वें श्री 1008 तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी जन्म कल्याणक महामहोत्सव के दूसरे दिन मेहंदी एवं गोद भराई कार्यक्रम श्रद्धा और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। पढ़िए शुभम जैन की रिपोर्ट…
आगरा। मोती कटरा के हनुमान चौराहा स्थित संत निलय जत्ती कटरा में 2625वें श्री 1008 तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी जन्म कल्याणक महामहोत्सव के दूसरे दिन मेहंदी एवं गोद भराई कार्यक्रम श्रद्धा और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। पूरे आयोजन स्थल पर विशेष रूप से महिलाओं की सहभागिता ने महोत्सव को जीवंत बना दिया। कार्यक्रम की शुरुआत दोपहर 1:00 बजे मेहंदी उत्सव से हुई, जिसमें भगवान महावीर स्वामी जन्म कल्याणक महोत्सव के सभी पात्रों एवं महिलाओं के हाथों पर सुंदर मेहंदी रचाई गई। इस दौरान उत्साह का माहौल देखते ही बन रहा था। इसके पश्चात भगवान महावीर स्वामी की माता त्रिशला (चीना जैन) की गोद भराई की रस्म बड़े ही श्रद्धाभाव और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुई। महिलाओं ने मंगल गीत गाते हुए कार्यक्रम को भक्ति और संस्कृति का अद्भुत संगम बना दिया।
किया मंत्रमुग्ध
महोत्सव का विशेष आकर्षण आगरा के लगभग 25 महिला मंडलों द्वारा प्रस्तुत भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम रहे। इनमें वात्सल्य ज्ञान वरदानी पाठशाला, मोती कटरा; मोती कटरा महिला मंडल; छीपीटोला; मोती कटरा बड़ा मंदिर; स्वास्तिक महिला मंडल, जयपुर हाउस; वात्सल्य सेवा समिति, सेक्टर 7; सरलाबाग; नुनिहाई आदि अनेक मंडलों ने भाग लिया। प्रस्तुतियों में नृत्य, भजन और धार्मिक झांकियों के माध्यम से भगवान महावीर के जीवन प्रसंगों को सुंदर ढंग से प्रस्तुत किया गया। प्रत्येक प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और पूरे परिसर में तालियों की गूंज सुनाई देती रही। कार्यक्रम के अंत में सामूहिक वात्सल्य भोज का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। आयोजन स्थल संत निलय जत्ती कटरा पूरे दिन भक्ति, संस्कृति और उत्सव के रंग में रंगा रहा। कार्यक्रम का संचालन रथयात्रा संयोजक एवं महामंत्री अनंत कुमार जैन द्वारा किया गया। भगवान महावीर स्वामी की जन्म कल्याणक की भव्य शोभायात्रा श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर, हनुमान चौराहा, मोती कटरा से प्रातः 8:00 बजे प्रारंभ हुई, जो आगरा के विभिन्न मार्गों से होती हुई एमडी जैन इंटर कॉलेज पहुंची।
ये भी रहे मौजूद
इस अवसर पर महावीर प्रसाद जैन, अनंत कुमार जैन, अजीत प्रसाद जैन, मनोज जैन (बल्लो), अरुण पाटनी, संजीव जैन, रविंद्र जैन, गिरीश जैन, मीडिया प्रभारी शुभम जैन, शशि सेठी, जयंती जैन, प्रगति जैन, रश्मि जैन, भावना जैन, अर्चना जैन, अरुणा जैन, नीलम जैन, मधु जैन, सपना जैन सहित मोती कटरा एवं समग्र जैन समाज के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।













Add Comment