अम्बाह के वरिष्ठ अधिवक्ता, समाजसेवी एवं शिक्षाविद् अशोक कुमार जैन का गुरुग्राम स्थित मेदांता मेडिसिटी अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया। उनके निधन से क्षेत्र में शोक की लहर है। पढ़िए श्रीफल साथी मनोज जैन नायक की यह रिपोर्ट।
अम्बाह (मुरैना)। नगर के वरिष्ठ अधिवक्ता, समाजसेवी एवं शिक्षाविद् अशोक कुमार जैन एडवोकेट का रविवार को गुरुग्राम स्थित मेदांता मेडिसिटी अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया। उनके निधन का समाचार मिलते ही अम्बाह सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। विभिन्न सामाजिक, धार्मिक, शैक्षणिक एवं राजनीतिक संगठनों ने गहरा दुःख व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
समाजसेवा को बनाया जीवन का ध्येय
स्वर्गीय अशोक कुमार जैन देव, शास्त्र और गुरु के परम भक्त थे तथा पीड़ित मानव सेवा के लिए सदैव समर्पित रहे। अम्बाह के निकट कचनौधा ग्राम के मूल निवासी अशोक कुमार जैन ने अम्बाह में रहकर अधिवक्ता के रूप में अपनी सेवाएं दीं। उनके पिता स्वर्गीय एडवोकेट गुलजारी लाल जैन अम्बाह नगर पालिका के अध्यक्ष रह चुके थे।
शिक्षा एवं सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान
स्वर्गीय अशोक कुमार जैन परगना अम्बाह शिक्षा समिति के अध्यक्ष रहे। उनके नेतृत्व में किला उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अम्बाह तथा नगर का एकमात्र स्वशासी अम्बाह स्नातकोत्तर महाविद्यालय संचालित हुआ। शिक्षा, समाजसेवा और धार्मिक गतिविधियों के क्षेत्र में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
धार्मिक आयोजनों में निभाई महत्वपूर्ण भूमिका
अम्बाह में आयोजित पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव, चातुर्मास सहित अनेक धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों के सफल संचालन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके सहज, सरल, मिलनसार और सहयोगी व्यक्तित्व ने उन्हें समाज के प्रत्येक वर्ग में सम्मान दिलाया।
अपूरणीय क्षति
अशोक कुमार जैन का निधन केवल उनके परिवार या जैन समाज की ही नहीं, बल्कि पूरे अम्बाह नगर की अपूरणीय क्षति माना जा रहा है। उनके सेवा, सद्भाव और समर्पण से भरे जीवन को समाज सदैव स्मरण रखेगा।
श्रद्धांजलि अर्पित
उनके निधन पर विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक, धार्मिक एवं राजनीतिक संगठनों के पदाधिकारियों तथा नगरवासियों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।













Add Comment