आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज के मुनि दीक्षा दिवस पर डडूका स्थित नसियाजी तीर्थ क्षेत्र में सामूहिक वृक्षारोपण किया गया। समाजजनों, युवा समिति, महिला मंडल एवं पाठशाला के बच्चों ने पौधों की देखभाल का संकल्प लिया। पढ़िए श्रीफल साथी अजीत कोठिया की यह रिपोर्ट।
डडूका (बांसवाड़ा, राजस्थान)। आषाढ़ शुक्ल पंचमी पर इस सदी के महान आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज के मुनि दीक्षा दिवस के अवसर पर दिगंबर जैन समाज, जैन युवा समिति, महिला मंडल एवं दिगंबर जैन पाठशाला परिवार डडूका के संयुक्त तत्वावधान में नसियाजी तीर्थ क्षेत्र डडूका में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
फलदार पौधों का किया रोपण
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण प्रभारी एवं प्रकृति प्रेमी मितेश आर. शाह, समाज अध्यक्ष राजेश शाह, युवा समिति अध्यक्ष चिराग शाह तथा पलाश शाह के निर्देशन में फलदार पौधों का रोपण किया गया। उपस्थित सभी सदस्यों ने पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल का संकल्प लिया।
बच्चों ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
जैन युवा समिति के सदस्य राजेंद्र कोठिया, टीना शाह, अजीत कोठिया, अंकित शाह तथा दिगंबर जैन पाठशाला के बच्चों ने उत्साहपूर्वक वृक्षारोपण में भाग लिया। बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी सुरक्षा का आह्वान किया।
समाज की सामूहिक सहभागिता
कार्यक्रम में समाज के विभिन्न संगठनों एवं सदस्यों की सक्रिय सहभागिता रही। सभी ने आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज के तप, त्याग और प्रकृति संरक्षण के प्रेरक संदेशों को आत्मसात करने का संकल्प व्यक्त किया।
पर्यावरण संरक्षण का प्रेरक संदेश
समाज प्रवक्ता राकेश शाह ने बताया कि वृक्षारोपण केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है। इस प्रकार के आयोजन समाज में पर्यावरण के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं।













Add Comment