इंदौर में आयोजित चार दिवसीय वाईपीएल क्रिकेट महाकुंभ का भव्य समापन आतिशबाजी और पुरस्कार वितरण के साथ हुआ। फाइनल मुकाबले में जैन योद्धा टीम ने खिताब अपने नाम किया। आयोजन का उद्देश्य युवाओं को धर्म और समाज से जोड़ना रहा।
इंदौर। दिगंबर जैन समाज सामाजिक संसद युवा प्रकोष्ठ द्वारा मोयरा प्रेजेंट, राजवंश रियल स्टेट, अनंत सेवा न्यास, सार्थक सिंगापुर, अहाना रेसीडेंसी एवं कुश सोलर पावर के सहयोग से आयोजित चार दिवसीय वाईपीएल क्रिकेट महाकुंभ का शनिवार रात भव्य समापन हुआ। फाइनल मुकाबले के बाद आतिशबाजी, पुरस्कार वितरण और सामूहिक भोज के साथ आयोजन संपन्न हुआ।

खेल के साथ धर्म का संदेश
आयोजन प्रमुख महावीर जैन ने बताया कि समाज स्तर पर यह निःशुल्क टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता लगातार तीसरी बार आयोजित की गई। 28 से 31 मई तक द विंग्स टर्फ पर आयोजित इस महाकुंभ में जिनालय क्षेत्रों से जुड़ी 48 टीमों ने भाग लिया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को धर्म, संस्कृति और समाज से जोड़ना रहा।
खिलाड़ियों को दिलाई गई शपथ
युवा प्रकोष्ठ महामंत्री चिंतन जैन एवं सुयश बाकलीवाल ने बताया कि यह केवल क्रिकेट प्रतियोगिता नहीं, बल्कि खेल के माध्यम से धर्म से जुड़ने का अभियान है। सभी खिलाड़ियों को गुरुओं के आहार, विहार और निहार की सुरक्षा एवं सेवा के लिए संकल्प भी दिलाया गया।
रोमांचक मुकाबले और मैत्री मैच
चार दिनों तक चले आयोजन में लीग मैच, सेमीफाइनल और फाइनल के साथ मीडिया बनाम प्रशासन, सामाजिक संसद बनाम युवा प्रकोष्ठ तथा महिला प्रकोष्ठ के बीच मैत्री मैच भी खेले गए। फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा, जिसमें जैन योद्धा टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया।
अतिथियों की रही विशेष उपस्थिति
समापन समारोह में गोलू शुक्ला, पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय, योगेंद्र महंत, भारतीय क्रिकेटर आवेश खान, रणजी खिलाड़ी गौरव यादव, चिंटू चौकसे, मोयरा ग्रुप के डायरेक्टर संदीप जैन, देवेंद्र जैन, योगेश वरु, रोहित जैन, विजय गोखरू, प्रेस क्लब अध्यक्ष दीपक कदम, वरिष्ठ पत्रकार अंकुर जायसवाल, रेखा जैन, हेमंत जैन एवं ऋतु जैन सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
समाजजनों ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
सामाजिक संसद अध्यक्ष विनय बाकलीवाल एवं आयोजन संरक्षक योगेंद्र महंत ने बताया कि पूरे आयोजन के दौरान समाज के वरिष्ठजनों और युवाओं ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। विजेता, उपविजेता, मैन ऑफ द मैच, मैन ऑफ द सीरीज, सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज और सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज को ट्रॉफी एवं नगद पुरस्कार प्रदान किए गए।
बड़ी स्क्रीन पर दिखाया गया आईपीएल फाइनल
दर्शकों के लिए आयोजन स्थल पर आईपीएल फाइनल मैच बड़ी स्क्रीन पर दिखाने की विशेष व्यवस्था की गई। समापन अवसर पर सभी समाजजनों के लिए भोजन प्रसादी का भी आयोजन किया गया।
स्वागत एवं सम्मान
अतिथियों का स्वागत विशाल काला, राहुल झांझरी, मयंक सेठी, राकेश जैन, डॉ. अभिषेक सेठी, मनीष जैन, जुम्बिश अजमेरा, प्रवीण पहाड़िया, रितेश टोंग्या सहित युवा कार्यकर्ताओं ने किया। प्रतियोगिता के दोनों अंपायर, स्कोरर एवं कॉमेंटेटर मनोज जैन और संजीव भाई का भी विशेष सम्मान किया गया।













Add Comment