जैनाचार्य विद्याभूषण सन्मतिसागरजी अवॉर्ड वितरण समारोह विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ पेसिफिक मॉल दिल्ली में 12 जुलाई को सन्मति फाउंडेशन द्वारा आयोजित किया जा रहा है। मुरैना/दिल्ली से पढ़िए, मनोज जैन नायक की यह खबर…
मुरैना/दिल्ली। जैनाचार्य विद्याभूषण सन्मतिसागरजी अवॉर्ड वितरण समारोह विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ पेसिफिक मॉल दिल्ली में 12 जुलाई को सन्मति फाउंडेशन द्वारा आयोजित किया जा रहा है।अखिल भारतीय दिगम्बर जैसवाल जैन उपरोचियां समाज की सेवाभावी संस्था “सन्मति फाउंडेशन” के संस्थापक अध्यक्ष महेंद्र कुमार जैन मधुवन ने जानकारी देते हुए बताया कि विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी अवॉर्ड ऑफ एक्सीलेंस कार्यक्रम में जैसवाल जैन उपरोचिया समाज के होनहार प्रतिभाशाली छात्र छात्राओं कक्षा 10 एवं 12वीं में उत्कृष्ट अंकों के आधार पर सन्मति सागर अवॉर्ड प्रदान किए जायेंगे। आयोजन हेतु तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। यह आयोजन 12 जुलाई को पेसिफिक मॉल दिल्ली में भव्यातिभव्य रूप में संपन्न होगा । अवार्ड ऑफ एक्सीलेंस एक प्रतिष्ठित सम्मान है जो शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन अथवा कोई विशेष उपलब्धि हासिल करने पर सन्मति फाउंडेशन द्वारा प्रदान किया जाता है । यह अवॉर्ड मुख्य रूप से छात्र छात्राओं की कार्यकुशलता को बढ़ावा देने एवं बेहतरीन परिणाम हासिल करने हेतु उत्साह वर्धन के लिए प्रदान किया जाता है। सन्मति फाउंडेशन के अध्यक्ष राजीव जैन जनकपुरी एवं महामंत्री लिली जैन ने बताया कि समाज के जिन छात्र छात्राओं ने कक्षा 10 एवं 12 वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है, उनमें से चयनित तीन तीन छात्रों को सन्मति फाउंडेशन द्वारा आचार्य सन्मतिसागर अवॉर्ड प्रदान किया जाएगा। चयनित छात्र छात्राओं को स्मृति चिन्ह, प्रशंसा पत्र, अवॉर्ड के साथ साथ प्रत्येक छात्र को क्रमशः 31000/- रूपये, 21000/- रुपए, 11000/- रुपए नगद प्रदान किए जायेंगे। इस अवॉर्ड समारोह में सम्मिलित होने के लिए जैसवाल जैन उपरोचियां समाज के सम्पूर्ण भारत वर्ष के बच्चों से (जिन्होंने कक्षा 10 एवं 12 में 95% से अधिक अंक प्राप्त किए हैं) 15 जून तक आवेदन मांगे गए हैं।
इसके अतिरिक्त, दिल्ली-एनसीआर के उन विद्यार्थियों/युवाओं को भी मेडल एवं सम्मान प्रदान किया जाएगा, जिन्होंने इस वर्ष MBBS, MS, MD, CA, CS, MBA फ्रॉम IIM, IIT से Engineering, इसी प्रकार की कोई अन्य विशेष शैक्षणिक उपलब्धि, खेल-कूद प्रतियोगिता में प्रांतीय स्तर पर मेडल, Startup करने वाले युवा व्यवसायी आदि का भी बहुमान किया जाएगा।
ज्ञातव्य हो कि मुरैना जिले की अम्बाह तहसील के ग्राम बरबाई में जन्में पंचम पट्टाचार्य विद्याभूषण सन्मतिसागरजी महाराज की पावन प्रेरणा एवं आशीर्वाद से सन्मति फाउंडेशन का गठन 2016 में हुआ था। तब से आज तक संस्था शिक्षा, चिकित्सा एवं मातृशक्ति सहायता जैसे कार्यों में (लगभग 20 लाख रुपए वार्षिक )अपना अतुलनीय सहयोग प्रदान करती आ रही है । सन्मति फाउंडेशन के एक सैकड़ा से अधिक ट्रस्टीगण तन मन धन से अपने उद्देश्यों की पूर्ति में सहयोग प्रदान करते हैं। सन्मति फाउंडेशन का मुख्य उद्देश्य है कि समाज का कोई भी परिवार अथवा व्यक्ति अर्थ के अभाव में शिक्षा अथवा चिकित्सा से बंचित न रहे। फाउंडेशन द्वारा प्रतिवर्ष प्रारंभिक एवं उच्च शिक्षा हेतु सजातीय बच्चों को छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है और आपातकालीन स्थिति में चिकित्सा/स्वास्थ्य हेतु साधर्मी बंधुओं को आर्थिक सहयोग प्रदान किया जाता है ।श्री दिगम्बर जैसवाल जैन उपरोचियां समाज के सर्वांगीण विकास के लिए सन्मति फाउंडेशन सदैव मदद के लिए प्रतिबद्ध था, प्रतिबद्ध है और प्रतिबद्ध रहेगा।













Add Comment