शहर में अध्यात्म और वात्सल्य की अमृत वर्षा होने की प्रबल संभावना बनती नजर आ रही है। दिगंबर जैन सामाजिक संसद ने मुनिश्री पुंगव सुधा सागरजी महाराज का पावन वर्षायोग इस वर्ष इंदौर में संपन्न कराने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है।इंदौर से पढ़िए रेखा जैन की, यह विशेष रिपोर्ट….
इंदौर। शहर में अध्यात्म और वात्सल्य की अमृत वर्षा होने की प्रबल संभावना बनती नजर आ रही है। दिगंबर जैन सामाजिक संसद ने मुनिश्री पुंगव सुधा सागरजी महाराज का पावन वर्षायोग इस वर्ष इंदौर में संपन्न कराने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है। महाराज श्री को इंदौर चातुर्मास के लिए आमंत्रित करने और उन्हें श्रीफल भेंट करने के लिए सामाजिक संसद ने बड़े स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं। आगामी 7 जून को इंदौर से बड़ी संख्या में समाजजन महाराज श्री के दर्शन और श्रीफल अर्पण के लिए रवाना होंगे। इससे पूर्व भी इंदौर समाज सामाजिक संसद के अध्यक्ष आनंद गोधा, महामंत्री हर्ष जैन, कोषाध्यक्ष विजय पाटोदी, अर्पित पाटोदी, कार्यकारी अध्यक्ष नवीन गोधा मुनि श्री को चातुर्मास के लिए निवेदन करने के लिए श्रीफल अशोकनगर जाकर भेंट कर चुके हैं।
136 मंदिरों से जुटेंगे श्रद्धालु, 100 बसों का लक्ष्य
दिगंबर जैन सामाजिक संसद की रविवार को महत्वपूर्ण बैठक वरिष्ठ समाजश्रेष्ठी एमके जैन की अध्यक्षता में कीर्ति स्तंभ परिसर में की गई। बैठक में तैयारियों की रूपरेखा साझा करते हुए महामंत्री हर्ष जैन ने बताया कि इंदौर शहर के सभी 136 जैन मंदिरों से श्रद्धालुओं को ले जाने के लिए लगभग 100 बसों का विशाल काफिला तैयार किया जा रहा है। धर्मप्रेमियों में इस यात्रा को लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है। योजना के शुरुआती चरण में ही अब तक 25 बसों की बुकिंग की जा चुकी है। सामाजिक संसद के अनुसार, व्यवस्थाओं को सुचारू बनाने और बस में जाने वाले भक्तों की सीट सुनिश्चित करने के लिए प्रति श्रद्धालु मात्र 100 रुपए का टोकन पंजीयन शुल्क रखा गया है।
तन-मन-धन से चातुर्मास को सफल बनाएगी सामाजिक संसद
बैठक को संबोधित करते हुए सामाजिक संसद के अध्यक्ष आनंद गोधा ने कहा कि पूरा जैन समाज तन, मन और धन से सहयोग कर मुनिश्री सुधा सागर महाराज के इस संभावित वर्षायोग को अभूतपूर्व और ऐतिहासिक रूप से सफलतापूर्वक पूर्ण कराएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस वर्ष इंदौर में जितने भी अन्य चातुर्मास होंगे, उन सभी में सामाजिक संसद अग्रिम भूमिका निभाते हुए अपना पूर्ण सहयोग प्रदान करेगी। इस दौरान नवीन गोधा ने पुराने संस्मरण साझा करते हुए बताया कि सामाजिक संसद पूर्व में भी मुनिश्री प्रमाण सागर जी महाराज का भव्य चातुर्मास इंदौर की धरा पर सकुशल संपन्न करा चुकी है। इस बार समाजजन और भी अधिक ऊर्जा, उत्साह तथा भक्ति भाव के साथ परम पूज्य मुनिश्री सुधा सागर महाराज के वर्षायोग की अगवानी की तैयारी में जुटे हैं।
बैठक में ये वरिष्ठ पदाधिकारी रहे उपस्थित
प्रवीण जैन ने बताया कि इस विशेष बैठक में समाज के कई प्रमुख चेहरे और विभिन्न मंदिरों के अध्यक्ष व सचिव उपस्थित रहे। इनमें मुख्य रूप से विजय पाटोदी, प्रिंसपाल टोंग्या, संजय जैन, मुकेश जैन, संजय मेग्नस, सचिन जैन, बाहुबली जैन, अशोक शास्त्री, मनीष जैन, प्रियांशु जैन, डी. के. जैन, महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष साधना दगड़े और प्रवक्ता रेखा संजय जैन सहित अनेक गणमान्य समाजजन शामिल हुए और अपने सुझाव साझा किए।













Add Comment