इंदौर में 25 मई को साधु-संतों की सुरक्षा के समर्थन में राजवाड़ा से कलेक्टर कार्यालय तक मौन जुलूस निकाला जाएगा। अंतर्मुखी मुनि श्री पूज्य सागर महाराज ने समाज से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की।
इंदौर। साधु-संतों की सुरक्षा और सम्मान को लेकर जैन समाज अब संगठित रूप से अपनी आवाज बुलंद करने जा रहा है। इसी कड़ी में 25 मई को सुबह 8 बजे राजवाड़ा से कलेक्टर कार्यालय तक मौन जुलूस निकाला जाएगा।
पूज्य सागर महाराज का आह्वान
अंतर्मुखी मुनि श्री पूज्य सागर महाराज ने समाजजनों से अपील करते हुए कहा कि इस मौन जुलूस में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर समाज की एकता, श्रद्धा और संतों के प्रति सम्मान का परिचय दें। उन्होंने कहा कि समाज का थोड़ा सा समय भी बड़े संदेश का माध्यम बन सकता है।
कलेक्टर कार्यालय में सौंपा जाएगा ज्ञापन
मौन जुलूस कलेक्टर कार्यालय पहुंचने के बाद प्रशासन को ज्ञापन सौंपा जाएगा। समाज की ओर से संतों की सुरक्षा को लेकर ठोस कदम उठाने की मांग की जाएगी।
परिवार से एक सदस्य संत सेवा से जोड़ने का संकल्प
मुनि श्री ने समाज से यह भी आग्रह किया कि ज्ञापन के बाद प्रत्येक परिवार यह संकल्प ले कि वह अपने परिवार के कम से कम एक सदस्य को संतों के आहार-विहार एवं धर्म सेवा से जोड़ने का प्रयास करेगा। उन्होंने कहा कि तभी इस आंदोलन और जुलूस की वास्तविक सार्थकता सिद्ध होगी।













Add Comment