राजाखेड़ा में स्व. बाबूलाल जैन की स्मृति में आयोजित 31वें निःशुल्क चिकित्सा, नेत्र एवं दंत शिविर में 275 से अधिक मरीजों का परीक्षण किया गया तथा 24 मरीजों का नेत्र ऑपरेशन के लिए चयन हुआ। इसी अवसर पर साप्ताहिक विशेषज्ञ चिकित्सालय का शुभारंभ भी किया गया। पढ़िए श्रीफल साथी मनोज जैन नायक की यह रिपोर्ट।
मुरैना/राजाखेड़ा। श्री बाबूलाल जैन सेवा संस्थान ट्रस्ट द्वारा स्व. श्री बाबूलाल जैन की स्मृति में 31वें निःशुल्क चिकित्सा, नेत्र एवं दंत ऑपरेशन शिविर का आयोजन 8 जुलाई को कुंदकुंद दिगंबर जैन विद्यालय, राजाखेड़ा (धौलपुर) में किया गया। शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना रहा।
275 से अधिक मरीजों को मिला लाभ
संस्थान के ट्रस्टी, अंतरराष्ट्रीय कवि एवं मध्य प्रदेश पुलिस के सेवानिवृत्त महानिदेशक पवन जैन (आईपीएस) ने बताया कि खराब मौसम और वर्षा के बावजूद 275 से अधिक मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं। इनमें से 24 मरीजों का नेत्र ऑपरेशन के लिए चयन किया गया। शिविर में महिलाओं को स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञों की सेवाओं का भी लाभ मिला।
सेवा को बताया सच्चा धर्म
उद्घाटन समारोह में वरिष्ठ दंत चिकित्सक डॉ. संजय शर्मा ने ट्रस्ट के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए इसे मानवता की सच्ची सेवा बताया। वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. बी.डी. जिंदल ने भी ट्रस्ट की जनसेवा भावना की प्रशंसा की। पवन जैन ने कहा कि पिछले 26 वर्षों से ट्रस्ट निरंतर चिकित्सा एवं मानव सेवा के विभिन्न प्रकल्पों का संचालन कर रहा है और समाज के सहयोग से यह सेवा निरंतर आगे बढ़ रही है।
साप्ताहिक विशेषज्ञ चिकित्सालय का शुभारंभ
शिविर के साथ विद्यालय परिसर में ट्रस्ट के साप्ताहिक विशेषज्ञ चिकित्सालय का भी उद्घाटन किया गया। यहां प्रत्येक सप्ताह ग्वालियर, भोपाल, जयपुर और आगरा के विशेषज्ञ चिकित्सक निःशुल्क परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराएंगे। इससे ग्रामीण क्षेत्र के मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं स्थानीय स्तर पर प्राप्त हो सकेंगी।
माह में दो बार लगेगा नेत्र शिविर
ट्रस्ट ने नेत्र रोगियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अब प्रत्येक माह दो बार नेत्र चिकित्सा शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया है। आवश्यकता के अनुसार शिविरों की संख्या और बढ़ाई जाएगी ताकि कोई भी जरूरतमंद उपचार से वंचित न रहे।
आप को यह कंटेंट कैसा लगा अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
+1
1
+1
+1













Add Comment