समाचार

छीपीटोला जैन मंदिर से ओल्ड ईदगाह कॉलोनी जैन मंदिर तक भव्य मंगल विहार : श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर आचार्य संघ का किया अभिनंदन


आगरा में अंकलीकर परम्पराचार्य श्री सौभाग्यसागर जी महाराज एवं स्थविर संत श्री सुरत्न सागराचार्य जी महाराज ससंघ का छीपीटोला से ओल्ड ईदगाह कॉलोनी जैन मंदिर तक भव्य मंगल विहार संपन्न हुआ। श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा, आरती एवं पाद प्रक्षालन कर स्वागत किया। पढ़िए श्रीफल साथी शुभम जैन की यह रिपोर्ट।


आगरा। अंकलीकर परम्पराचार्य श्री सौभाग्यसागर जी महाराज एवं स्थविर संत श्री सुरत्न सागराचार्य जी महाराज ससंघ ने गुरुवार प्रातः छीपीटोला स्थित श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन मंदिर से मंगल विहार करते हुए ओल्ड ईदगाह कॉलोनी स्थित श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन मंदिर में भव्य मंगल प्रवेश किया। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने जयघोष, पुष्पवर्षा, आरती एवं पाद प्रक्षालन कर गुरु संघ का भावपूर्ण स्वागत किया।

धर्ममय बना पूरा मार्ग

मंगल विहार के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु गुरुचरणों के दर्शन के लिए उमड़े। विभिन्न स्थानों पर समाजजनों ने आचार्य संघ का अभिनंदन किया। मंदिर पहुंचने पर दोनों आचार्यश्री ने भगवान पार्श्वनाथ के दर्शन कर समाज को मंगल आशीर्वाद प्रदान किया।

धर्मसभा में मिला प्रेरक संदेश

धर्मसभा को संबोधित करते हुए परम्पराचार्य श्री सौभाग्यसागर जी महाराज ने कहा कि धर्म केवल पूजा-अर्चना तक सीमित नहीं है, बल्कि संयम, सेवा, सदाचार और आत्मकल्याण का मार्ग है। उन्होंने श्रमण संस्कृति और जैन तीर्थों की रक्षा के लिए समाज एवं संतों को मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।

तीर्थ संरक्षण पर विशेष बल

आचार्यश्री ने कहा कि प्रभावक संतों का तीर्थ क्षेत्रों में अधिक प्रवास होने से धर्म प्रभावना के साथ-साथ तीर्थों का संरक्षण भी सुदृढ़ होता है तथा नई पीढ़ी में धार्मिक संस्कारों का विकास होता है। श्रद्धालुओं ने धर्मसभा में धर्म, संयम एवं तीर्थ संरक्षण का संकल्प लिया।

अगले मंगल विहार की जानकारी

मीडिया प्रभारी शुभम जैन ने बताया कि दोनों आचार्यश्री ससंघ का मंगल विहार 17 जुलाई प्रातः 6:00 बजे ओल्ड ईदगाह कॉलोनी स्थित श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन मंदिर से परसपुरी (पश्चिमपुरी) स्थित श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन मंदिर के लिए होगा, जहां दो दिवसीय मंगल प्रवास रहेगा। इसके बाद आचार्यश्री ससंघ सेक्टर-7 स्थित श्री दिगम्बर जैन मंदिर के लिए मंगल विहार करेंगे।

समाजजनों की रही सहभागिता

कार्यक्रम में ओल्ड ईदगाह कॉलोनी एवं छीपीटोला जैन समाज के पदाधिकारी, महिला मंडल, युवक-युवतियां तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। इस अवसर पर अमित जैन, चन्द्रदीप जैन, अजय जैन, बबली जैन, सोनू जैन, अशोक जैन सहित अनेक समाजजन उपस्थित रहे।

आप को यह कंटेंट कैसा लगा अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
+1
0
+1
0
+1
0
Shree Phal News

About the author

Shree Phal News

Add Comment

Click here to post a comment

You cannot copy content of this page