संयम पथ पर अग्रसर दीक्षार्थी निर्मला दीदी की गोद भराई इंदौर के विभिन्न जिनालयों में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ सम्पन्न हुई। समाजजनों ने उनके वैराग्य भाव की अनुमोदना की। 2 अगस्त को आरा (बिहार) में उनकी जैन आर्यिका दीक्षा संभावित है। पढ़िए श्रीफल साथी राजेश जैन दद्दू की यह रिपोर्ट।
इंदौर। संयम पथ पर अग्रसर दीक्षार्थी निर्मला दीदी की भव्य गोद भराई का कार्यक्रम 16 जुलाई 2026 को इंदौर के विभिन्न जिनालयों में श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। धर्म समाज प्रचारक राजेश जैन दद्दू ने बताया कि निर्मला दीदी बुंदेलखंड केसरी गणाचार्य श्री सिद्धांत सागर जी महाराज के शिष्य एवं वात्सल्य योगी, विद्या पैलेस जिन मंदिर प्रणेता आचार्य श्री सुलभ सागर जी महाराज की शिष्या हैं।
नगर के प्रमुख जिनालयों में हुए मांगलिक आयोजन
गोद भराई एवं मांगलिक कार्यक्रम राजेंद्र नगर जैन मंदिर में पूज्य आचार्य श्री सिद्धांत सागर जी महाराज के सानिध्य में तथा गुमास्ता नगर दिगंबर जैन मंदिर में पूज्य आचार्य श्री विप्रणत सागर जी महाराज के सानिध्य में सम्पन्न हुए। इसके अतिरिक्त श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर (विद्या पैलेस, एरोड्रम रोड), श्री आदिनाथ दिगंबर जैन मंदिर (अशोक नगर), श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर (स्मृति नगर) एवं कांच मंदिर में भी मांगलिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
समाजजनों ने की वैराग्य भाव की अनुमोदना
इस पावन अवसर पर सामाजिक संसद के अध्यक्ष आनंद गोधा, नवीन गोधा, हर्ष जैन, विजय पाटोदी, समाज श्रेष्ठी डॉ. जैनेन्द्र जैन, डी.के. जैन, डीएसपी हंसमुख गांधी, टी.के. वेद, महिला परिषद की संभागीय अध्यक्ष श्रीमती मुक्ता जैन सहित अनेक गणमान्य समाजजनों ने दीक्षार्थी निर्मला दीदी के संयम एवं वैराग्य भाव की अनुमोदना की।
समाज के लिए गौरव का विषय
मयंक जैन ने बताया कि दीक्षार्थी निर्मला दीदी, परम पूज्य आचार्य श्री विभक्त सागर जी महाराज की गृहस्थ जीवन की सगी बहन हैं। उनका संयम पथ पर अग्रसर होना सम्पूर्ण जैन समाज के लिए गौरव और प्रेरणा का विषय है।
2 अगस्त को संभावित दीक्षा
दीक्षार्थी निर्मला दीदी की भव्य जैन आर्यिका दीक्षा 2 अगस्त 2026 को बिहार के आरा में संभावित है। सकल दिगंबर जैन समाज, इंदौर ने सभी जिनालयों में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने वाले समाजजनों का आभार व्यक्त किया।













Add Comment