समाचार

मुनिश्री मंगलानंद सागर महाराज का नवागढ़ में वर्षायोग हेतु भव्य मंगल प्रवेश : ऐतिहासिक अगवानी से धर्ममय हुआ अतिशय क्षेत्र


प्रागैतिहासिक अतिशय क्षेत्र नवागढ़ में मुनिश्री मंगलानंद सागर महाराज एवं मुनिश्री मंगल सागर महाराज का वर्षायोग हेतु भव्य मंगल प्रवेश श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ। हजारों श्रद्धालुओं ने स्वागत कर धर्मलाभ अर्जित किया। पढ़िए श्रीफल साथी मनोज जैन नायक की यह रिपोर्ट।


मुरैना/नवागढ़। प्रागैतिहासिक अतिशय क्षेत्र नवागढ़ जी में भगवान श्री 1008 अरनाथ स्वामी के अतिशय संपन्न दिव्य दरबार में परम पूज्य आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज के परम प्रभावक शिष्य मुनिश्री सरल सागर जी महाराज के सुयोग्य शिष्य पूज्य मुनिश्री मंगलानंद सागर जी महाराज एवं मुनिश्री मंगल सागर जी महाराज का वर्षायोग (चातुर्मास) हेतु भव्य एवं ऐतिहासिक मंगल प्रवेश हुआ। पूरे क्षेत्र में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का वातावरण दिखाई दिया।

ऐतिहासिक अगवानी और भव्य स्वागत

पूज्य मुनि संघ की अगवानी आदरणीय बाल ब्रह्मचारी प्रतिष्ठाचार्य जय कुमार निशांत के निर्देशन, नवागढ़ कमेटी एवं श्री नवागढ़ गुरुकुलम ट्रस्ट के सान्निध्य में सम्पन्न हुई। श्रद्धालुओं ने जयघोष, मंगल गीत एवं पुष्पवर्षा के साथ गुरुदेव का स्वागत कर धर्मलाभ अर्जित किया।

भक्तिमय वातावरण से गूंजा नवागढ़

मंगल प्रवेश के अवसर पर पूरे गांव को रंगोलियों से सजाया गया। महिलाओं ने मंगल कलश लेकर स्वागत किया, जबकि नवागढ़ गुरुकुलम् के बच्चों ने दिव्य घोष, मंगलगान और जयघोष प्रस्तुत कर वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत कर दिया। ढोल-नगाड़ों, मोनिया पार्टी, दलदल घोड़ी, भजन मंडली, ढपला पार्टी एवं ढिमराया सारंगी पार्टी की प्रस्तुतियों ने आयोजन को ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया।

गुरुदेव का प्रेरणादायी संदेश

धर्मसभा में ब्रह्मचारी जय कुमार निशांत ने अतिशय क्षेत्र का परिचय दिया तथा गुरुकुलम् के बच्चों ने मंगलाचरण प्रस्तुत किया। इसके पश्चात पूज्य मुनिश्री मंगलानंद सागर जी महाराज एवं मुनिश्री मंगल सागर जी महाराज ने अपने उद्बोधन में कहा कि यदि भगवान श्रीराम जैसा आदर्श जीवन जीना है तो उनके समान आदर्श कर्म भी करने होंगे। उन्होंने समाज से गुटखा, तंबाकू, शराब एवं सभी प्रकार के नशों का त्याग करने तथा संयम, मानवता, करुणा और नैतिक मूल्यों को अपनाने का आह्वान किया।

श्रद्धालुओं का उमड़ा जनसैलाब

इस अवसर पर आसपास के अनेक गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। सुधाकर पांडे (थानाध्यक्ष सोजना), ग्राम प्रधान रामनारायण यादव, ब्लॉक अध्यक्ष संतोष यादव, श्रेष्ठी निर्मल जी घुवारा सहित नवागढ़ समिति, नवागढ़ गुरुकुलम ट्रस्ट एवं अनेक गणमान्य नागरिकों ने गुरुदेव के दर्शन एवं प्रवचनों का लाभ प्राप्त किया।

चातुर्मास हेतु श्रीफल अर्पित

मंगल प्रवेश के उपरांत ग्रामवासियों एवं क्षेत्रवासियों ने श्रद्धापूर्वक श्रीफल अर्पित कर गुरुदेव से नवागढ़ में ही चातुर्मास सम्पन्न करने का भावपूर्ण निवेदन किया, जिससे सभी श्रद्धालु चार माह तक उनके सान्निध्य एवं प्रवचनों का लाभ प्राप्त कर सकें।

प्रत्येक रविवार होंगे विशेष प्रवचन

ब्रह्मचारी जय कुमार निशांत ने बताया कि प्रत्येक रविवार प्रातः 9 बजे एवं अपराह्न 3 बजे विशेष प्रवचन आयोजित होंगे। प्रवचनों को सुनकर उनके संदेश को अपने शब्दों में प्रस्तुत करने वाले श्रद्धालुओं को सम्मानित भी किया जाएगा।

सफल संचालन

कार्यक्रम का गरिमामय एवं सुव्यवस्थित संचालन प्रागैतिहासिक अतिशय क्षेत्र नवागढ़ जी के महामंत्री वीरचंद्र जी ने किया।

आप को यह कंटेंट कैसा लगा अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
+1
2
+1
0
+1
0
Shree Phal News

About the author

Shree Phal News

Add Comment

Click here to post a comment

You cannot copy content of this page