अशोकनगर में राष्ट्रसंत मुनि पुंगव श्री सुधासागरजी महाराज के सान्निध्य में चल रहे दस दिवसीय समयसार शिक्षण प्रशिक्षण शिविर का समापन हुआ। इस अवसर पर परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों और युवाओं को सम्मानित किया गया तथा दीपावली पूजन पत्रिका का विमोचन भी किया गया। पढ़िए पूरी रिपोर्ट…
अशोकनगर — “नीचे से ऊपर उठ कर जिंदगी को ऊंचाई देने की सभी को इच्छा होती है। हर व्यक्ति चाहता है कि वह अपने जीवन में प्रगति करे। जब कोई अमीर से गरीब बन जाता है, तब जीवन कठिन लगने लगता है, लेकिन यह भी जीवन का एक सत्य है कि सुख और दुःख दोनों ही स्थिति परिवर्तनशील हैं,” ये विचार सुभाषगंज मैदान में आयोजित विशाल धर्मसभा को संबोधित करते हुए राष्ट्रसंत मुनि पुंगव श्री सुधासागरजी महाराज ने व्यक्त किए।
मुनिश्री ने कहा कि “जब जीवन में जरूरत थी तब हमने समर्पण दिखाया, परंतु जब स्वार्थ पूरा हुआ तो हमने भक्ति और आभार को भूल गए। सुबह मंदिर जाना ठीक है, पर शाम का मंदिर दर्शन दिनभर मिले सुख के प्रति कृतज्ञता है।” उन्होंने कहा कि “जब बच्चा मां की गोद में पलता है, तब मां उसकी रक्षा करती है, पर जब वह बड़ा होकर मां-बाप को छोड़ देता है तो उससे निकृष्ट कोई नहीं हो सकता।”
मुनिश्री ने आगे कहा कि लोभ और मान-सम्मान की चाह से जब व्यक्ति अपने कर्तव्यों से पीछे हट जाता है, तो वह जीवन के संस्कारों को खो देता है। उन्होंने कहा कि हमें अपनी जाति-उपजाति से ऊपर उठकर केवल जैन कुल की पहचान बनानी चाहिए। “हम जैन हैं, यह गर्व का विषय है, इसे आचार्य कुंदकुंद की मूल आमना के अनुसार अपनाना चाहिए।”
दीपावली पूजन पत्रिका का विमोचन
इस अवसर पर जैन समाज की पंचायत कमेटी द्वारा दीपावली पूजन पत्रिका का विमोचन किया गया। मंत्री विजय धुर्रा ने बताया कि “भगवान महावीर स्वामी के निर्वाण महोत्सव एवं गौतम स्वामी के केवलज्ञान दिवस के उपलक्ष्य में यह पत्रिका तैयार की गई है, जिसे हर घर के पूजन कक्ष में उत्तर-पूर्व दिशा में रखा जाएगा।”
पत्रिका विमोचन समारोह में समाज अध्यक्ष राकेश कासंल, महामंत्री राकेश अमरोद, कोषाध्यक्ष सुनील अखाई, उपाध्यक्ष अजीत बरोदिया, प्रदीप तारई, राजेन्द्र अमन, मंत्री शैलेन्द्र श्रागर, मंत्री विजय धुर्रा, मंत्री संजीव भारल्लिया, मीडिया प्रभारी अरविंद कचनार, आडिटर संजय के टी, थूवोनजी अध्यक्ष अशोक जैन टींगू मिल, महामंत्री मनोज भैसरवास सहित अनेक समाजजन उपस्थित रहे।
समापन समारोह में परीक्षा परिणाम घोषित
समयसार शिक्षण प्रशिक्षण शिविर के समापन समारोह में परीक्षा परिणाम घोषित किए गए। बालक वर्ग में पारस कुमार जैन ने प्रथम, बालिका वर्ग में सिमी जैन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। शास्त्री वर्ग में विजय कुमार जैन, अतिशय जैन, आगम जैन तथा बालिका वर्ग में आयुषी जैन, प्राप्ति जैन, मिनि जैन ने श्रेष्ठ स्थान प्राप्त किए।
सभी विजेताओं को जैन समाज के पदाधिकारियों एवं पुयर्जक परिवार — हरीश कुमार, निर्मल कुमार मिर्ची परिवार — द्वारा सम्मानित किया गया। समारोह में समाजजनों ने मुनिश्री के पावन संदेशों को आत्मसात करते हुए जीवन में संस्कार और धर्म को प्राथमिकता देने का संकल्प लिया।













Add Comment