छत्रपति नगर स्थित तीर्थ स्वरूप श्री आदिनाथ दिगंबर जैन जिनालय का स्थापना दिवस आगामी 3 जून, बुधवार को बेहद भव्यता और भक्ति भाव के साथ मनाया जाएगा। इंदौर से पढ़िए, यह खबर…
इंदौर। छत्रपति नगर स्थित तीर्थ स्वरूप श्री आदिनाथ दिगंबर जैन जिनालय का स्थापना दिवस आगामी 3 जून, बुधवार को बेहद भव्यता और भक्ति भाव के साथ मनाया जाएगा। धर्म समाज प्रचारक राजेश जैन ‘दद्दू’ ने बताया कि इस पावन अवसर पर जिनालय के मूलनायक भगवान श्री 1008 आदिनाथ का इस वर्ष का अंतिम महा मस्तकाभिषेक स्वर्ण और रजत कलशों से संपन्न होगा। विपुल बांझल ने बताया कि बड़े बाबा का महा मस्तकाभिषेक वर्ष में केवल तीन बार ही होता है। इस लिहाज से 3 जून को होने वाला यह अभिषेक इस वर्ष का तीसरा और अंतिम महा मस्तकाभिषेक होगा, जो श्रद्धालुओं के लिए एक दुर्लभ पुण्य अवसर है।
ट्रस्ट के अध्यक्ष भूपेंद्र जैन और कार्य अध्यक्ष डॉ. जैनेंद्र जैन ने बताया कि स्थापना दिवस के सभी मांगलिक कार्यक्रम विद्वान पंडित योगेंद्र काला के निर्देशन में संपन्न होंगे। उत्सव की शुरुआत प्रातः 6:45 बजे मंगलाष्टक के साथ होगी। इसके बाद प्रातः 7:15 बजे मूलनायक भगवान का महा मस्तकाभिषेक प्रारंभ होगा। अभिषेक के पश्चात प्रातः 8:00 बजे से नित्य नियम पूजन किया जाएगा। वहीं, सांध्यकालीन बेला में शाम 7:30 बजे 48 दीपकों के समर्पण के साथ श्री भक्तामर स्तोत्र का संगीतमय पाठ और भव्य महाआरती आयोजित की जाएगी। श्री आदिनाथ दिगंबर जैन धार्मिक एवं पारमार्थिक ट्रस्ट, छत्रपति नगर के पदाधिकारियों ने सकल जैन समाज सहित अग्रसेन नगर, गौरव नगर और महावीर बाग के सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे इस पावन उत्सव में सपरिवार पधारकर भगवान के अभिषेक, पूजन, भक्तामर पाठ और आरती का लाभ उठाएं तथा पुण्य अर्जित करें।













Add Comment