समाचार

69वें अवतरण दिवस पर किया प्याऊ का शुभारंभ : जैन मित्र मंडल ने साथ सकोरे वितरित


जैन समाज की सेवा भावी संस्था जैन मित्र मंडल द्वारा आचार्य श्री ज्ञानसागरजी महाराज के 69वें अवतरण दिवस को त्रिदिवसीय समारोह के रूप में विभिन्न सामाजिक, परोपकारी, जीवदया के आयोजनों के स्वरूप भव्यता के साथ मनाया। मुरैना से पढ़िए, यह खबर…


मुरैना। जैन समाज की सेवा भावी संस्था जैन मित्र मंडल द्वारा आचार्य श्री ज्ञानसागरजी महाराज के 69वें अवतरण दिवस को त्रिदिवसीय समारोह के रूप में विभिन्न सामाजिक, परोपकारी, जीवदया के आयोजनों के स्वरूप भव्यता के साथ मनाया। कार्यक्रम के मुख्य संयोजक महेशचंद्र जैन बंगाली एवं संयोजक सुनीत जैन ठेकेदार के सान्निध्य में पूज्यश्री गुरुदेव का 69बां अवतरण दिवस त्रिदिवसीय समारोह ज्ञानतीर्थ एवं बड़े जैन मंदिर में विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम कर गुरुभक्ति का परिचय दिया। जैन मित्र मंडल के शीर्ष नेतृत्व ने बताया कि आचार्यश्री ज्ञानसागरजी ने अपने संपूर्ण जीवनकाल में सत्य अहिंसा एवं शाकाहार का प्रचार-प्रसार कर सम्पूर्ण विश्व को शांति और संयम का उपदेश दिया। भले ही आचार्यश्री आज हमारे बीच प्रत्यक्ष रूप से मौजूद नहीं हैं, लेकिन वे हम सभी के हृदय में सदैव विराजमान रहेगें। उनके द्वारा दिये गए उपदेश, संदेश, उनके द्वारा प्रतिपादित सिद्धांतो का प्रचार प्रसार करना, उनके उपदेशों का अनुशरण करना, उन्हें अंगीकार करना ही हमारा मुख्य उद्देश्य होना चाहिए। हम सभी का परम कर्तव्य है कि पूज्यश्री गुरुदेव द्वारा छोड़े गए अधूरे कार्यों को एकजुटता के साथ पूर्ण करें । यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

भक्तामर महाअर्चना एवं प्रश्न मंच का हुआ आयोजन

अवतरण दिवस त्रिदिवसीय समारोह अंतर्गत द्वितीय दिवस श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन पंचायती बड़ा मंदिर प्रांगण में सकल जैन समाज एवं गुरुभक्तों की उपस्थिति में श्री 1008 भक्तामर पाठ महा अर्चना की गई। जैन छात्रावास के अधीक्षक चक्रेश शास्त्री एवं छात्रों ने ढोल मजीरा की मधुर धुन का सृजन कर सभी को आनंदित किया। जैन विद्वत नवनीत शास्त्री ने भक्तामर के एक-एक श्लोक का अर्ध्य बोलकर भक्तों के करकमलों से एक एक दीप प्रज्वलित कराया। बिलोकसागर बालिका मंडल एवं महिला मंडलों द्वारा भक्तिमय नृत्यों की प्रस्तुति दी गई। इस अवसर पर सैकड़ों की संख्या में साधर्मी बंधु, माता, बहिन, युवा साथी एवं जैन मित्र मंडल के कार्यकर्ता उपस्थित थे। भक्तामर दीप अर्चना के बाद भक्तामर महिमा का गायन करते हुए आचार्यश्री ज्ञानसागरजी महाराज की महा आरती की गई। आचार्यश्री ज्ञानसागरजी के जीवन चरित्र पर आधारित प्रश्न मंच का आयोजन किया गया। प्रश्नों के सही जवाब देने वालों को जैन मित्र मंडल द्वारा आकर्षक पुरस्कार वितरित किए गए।

शीतल जल की प्याऊ का हुआ शुभारंभ

जैन समाज की सेवा भावी संस्था जैन मित्र मंडल मुरैना द्वारा आचार्यश्री ज्ञानसागरजी महाराज के 70वें अवतरण दिवस त्रिदिवसीय समारोह के अंतर्गत हरिजन थाने के पास शीतल जल हेतु सार्वजनिक प्याऊ का शुभारंभ किया गया। प्याऊ के शुभारंभ से पूर्व अतिथियों एवं जैन मित्र मंडल के शीर्ष नेतृत्व द्वारा आचार्य श्री ज्ञानसागरजी महाराज के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित किया। अतिशय क्षेत्र टिकटोली के अध्यक्ष राजेंद्र भंडारी, ओमप्रकाश जैन गोपालपुरा, संजू जैन अजेड़ा, सतेंद्र खनेता, मनोज नायक, सुनीत ठेकेदार, सुनील पुच्ची सहित अन्य बंधुओं ने रिबन खोलकर शीतल जल की सार्वजनिक प्याऊ का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उपस्थित सभी बंधुओं को मिष्ठान एवं शरबत का वितरण किया गया।

पक्षियों के दाना पानी हेतु सकोरे किए वितरित’

जीवदया कार्यक्रम के तहत पक्षियों के लिए दाना पानी हेतु बड़े जैन मंदिर में सकोरो का वितरण किया गया। सकोरे ग्रहण करते समय सभी लोगों ने संकल्प लिया कि वे प्रतिदिन सुबह शाम उन सकोरों में से स्वच्छ पानी भरेंगे, ताकि इस भीषण गर्मी में पानी के कारण किसी पक्षी के प्राण न निकलें। इसी तरह गौसेवा के तहत गौशाला में गुड एवं हरा चारा दान किया गया एवं अनेकों घरों में गायों के पानी के लिए सीमेंट की टंकी रखी गई। इस अवसर पर बड़े जैन मंदिर जी में सैकड़ों की संख्या में साधर्मी बंधु उपस्थित थे।

आप को यह कंटेंट कैसा लगा अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
+1
1
+1
0
+1
0
Shree Phal News

About the author

Shree Phal News

Add Comment

Click here to post a comment

You cannot copy content of this page