समाचार

इंदौर के अभय प्रशाल में गूँजा 'णमोकार महामंत्र' : भक्ति और आस्था का उमड़ा सैलाब


इंदौर के अभय प्रशाल में ‘विश्व नवकार महामंत्र दिवस’ पर हजारों श्रद्धालुओं ने सामूहिक जाप किया। 108 बच्चों के मधुर स्वरों से शुरुआत हुई। जीतो व अन्य संगठनों के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में भक्ति, साधना और विश्व शांति का संदेश दिया गया, साथ ही दिल्ली से लाइव प्रसारण भी हुआ । पढ़िए श्रीफल जैन न्यूज की संपादक रेखा संजय जैन की रिपोर्ट…


इंदौर | 9 अप्रैल को ‘विश्व नवकार महामंत्र दिवस’ के पावन अवसर पर इंदौर का अभय प्रशाल परिसर भक्ति, अध्यात्म और अटूट आस्था का केंद्र बन गया। सुबह ठीक 8:01 बजे जब सामूहिक जाप का आगाज हुआ, तो ऐसा लगा मानो पूरा शहर एक ही स्वर में एकाकार हो गया हो। जीतो, विश्व जैन संगठन और जिनशासन एकता संघ सहित दिगंबर व श्वेतांबर जैन समाज के प्रमुख संगठनों के संयोजन में आयोजित इस भव्याति भव्य कार्यक्रम में हजारों श्रद्धालुओं ने शिरकत की। इसका समापन सुबह 9.36 बजे हुआ। इसके बाद नवकारसी में सभी ने भाग लिया।

108 नन्हे मुन्नों के स्वर से हुआ मंत्रमुग्ध आगाज

कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इस आध्यात्मिक अनुष्ठान का सबसे आकर्षक और भावुक कर देने वाला पल वह था, जब जैन समाज के 108 नन्हे बच्चों ने एक साथ सुमधुर स्वर में णमोकार महामंत्र का जाप शुरू किया। बच्चों की निर्दोष आवाज और मंत्र की शक्ति ने पूरे वातावरण को सकारात्मक ऊर्जा से भर दिया।

मौन और सांगतिक साधना का अनूठा संगम

अभय प्रशाल का कोना-कोना भक्ति रस में सराबोर नजर आया। आयोजन में केवल वाचिक जाप ही नहीं, बल्कि मौन साधना और सांगतिक साधना का भी विशेष समावेश रहा। भजनों की धुनों के बीच विधि-विधान से किए गए इस जाप ने उपस्थित जनसमूह को आत्मिक शांति का अनुभव कराया। सामाजिक संसद, फेडरेशन और विभिन्न सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ताओं ने इस आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

नई दिल्ली से सीधा जुड़ाव: विज्ञान भवन का सजीव प्रसारण

इंदौर का यह आयोजन वैश्विक कड़ी का एक हिस्सा था। कार्यक्रम के दौरान नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित मुख्य समारोह का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया, जहाँ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में देशभर के जैन समाज ने एकजुटता दिखाई। इस प्रसारण ने इंदौर के श्रद्धालुओं को यह अहसास कराया कि वे एक वैश्विक शांति अभियान का हिस्सा हैं, जो 108 से अधिक देशों में एक साथ आयोजित किया जा रहा है।

भक्ति किट का वितरण और सेवा भाव

इस विशाल आयोजन के मुख्य लाभार्थी ‘जयसिंह टीना जैन, शंखेश्वर ग्रुप ऑफ कंपनीज’ रहे। उनकी ओर से उपस्थित श्रद्धालुओं को विशेष ‘भक्ति किट’ का वितरण किया गया, जिसे पाकर समाजजनों ने हर्ष व्यक्त किया। यह वितरण न केवल सेवा का प्रतीक था, बल्कि श्रद्धालुओं की साधना में सहयोग का एक सराहनीय प्रयास भी रहा।

विश्व शांति का संदेश

आयोजन के अंत में सभी ने विश्व शांति और सद्भाव की कामना की। सामूहिक जाप के इस महाकुंभ ने यह सिद्ध कर दिया कि मंत्रों की शक्ति और सामूहिक संकल्प से आध्यात्मिक चेतना को नई ऊँचाइयों पर ले जाया जा सकता है। इंदौर का अभय प्रशाल आज केवल एक खेल परिसर नहीं, बल्कि एक दिव्य साधना स्थली के रूप में याद किया जाएगा। इस भव्य कार्यक्रम में वरिष्ठ समाज सेवी और उद्योग पति हसमुख गांधी, सामाजिक संसद के अध्यक्ष आनंद गोधा, नवीन गोधा, अमित कासलीवाल, प्रदीप चौधरी, दिलीप पाटनी, डीके जैन डीएसपी, प्रतीक सेठी टोंगिया, रितेश पाटनी,अनल जैन, ऋषभ जैन बेताला, रागिनी डफरिया, अनुज जैन, दिव्या डी. जैन, ग्रीष्मा जैन, शिक्षा जैन, दीपम जैन, आशना कांटहेड जैन, कृष मेहता, कुशल कुमार खाब्या, प्रसिद्धि जैन, विमल सिंह घोरावत, राजेंद्र सुराणा, राजेंद्र जैन (विजय श्री), पार्षद राजीव जैन, नितिन दफ़रिया, सुनील नहाटा, हुलाश चंद बेताला, प्रकाश भटेवरा, हितेश तुर्खिया, संजय मेहता, सीमा घोचा, सतीश जैन, श्रीफल जैन न्यूज की संपादक रेखा संजय जैन, आशना जैन, अर्पित बड़जात्या, शैलेश अम्भोर, शरद कोठारी,रवीश बाफना, महेंद्र जैन (आईटीएल), नरेंद्र काठेड़,अतुल कांकरिया, सुशील जैन आदि मौजूद रहे।

आप को यह कंटेंट कैसा लगा अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
+1
4
+1
0
+1
0
Shree Phal News

About the author

Shree Phal News

Add Comment

Click here to post a comment

You cannot copy content of this page