जैन साधु-संतों की पदविहार के दौरान सुरक्षा को लेकर सोमवार को दिगम्बर जैन पंचायत के आह्वान पर हजारों की संख्या में जैन समाज के लोगों ने आक्रोश जताते हुए विशाल मौन जलूस निकालकर शासन प्रशासन को चेताया।ललितपुर से पढ़िए, यह खबर…
ललितपुर। जैन साधु-संतों की पदविहार के दौरान सुरक्षा को लेकर सोमवार को दिगम्बर जैन पंचायत के आह्वान पर हजारों की संख्या में जैन समाज के लोगों ने आक्रोश जताते हुए विशाल मौन जुलूस निकालकर शासन प्रशासन को चेताया। भारी संख्या में सम्मिलित धर्मालुओं ने कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचकर अपर जिलाधिकारी ललितपुर दिनेश कुमार को ज्ञापन सौपते हुए मप्र के रीवा जिले में आर्यिका माताजी दुर्घटना प्रकरण की निष्पक्ष उच्चस्तरीय जाँच की मांग की। प्रातःकाल शहर के सावरकर चौक स्थित पार्श्वनाथ जैन अटा मन्दिर पर जैन समाज के हजारों की संख्या में श्वेत वस्त्रों में पुरूष एवं पीत वस्त्रों में महिला श्रद्धालु एकत्रित हुए। जहां से अनुशासित ढंग से हाथो में तख्तियां लेकर जलूस के रूप में कलेक्ट्रेट कार्यलय की ओर आगे बढ़े। तख्तियों के माध्यम से समाज के आक्रोश को जताते हुए न्याय की मांग को लेकर शासन प्रशासन का ध्यान आकर्षित कर रहे थे कि आखिर कब तक हमारे धार्मिक स्थल असुरक्षित रहेंगे और पद विहार के दौरान होने वाली ऐसी घटनाएं होती रहेगी। स्मरण रहे कि हाल ही में मध्यप्रदेश के रीवा जिला मुख्यालय पर सड़क दुर्घटना में जैन धर्म की प्रभावक आर्यिका श्रुतमति माता जी एवं आर्यिका उपशममति माता जी सड़क दुर्घटना में समाधिस्थ हुई। उक्त घटना से सम्पूर्ण देश की जैन समाज मे आक्रोश है। जैन साधु-संत पूर्णतः निहत्थे, अहिंसक एवं पैदल विहार करने वाले तपस्वी होते हैं। वे किसी प्रकार की सुरक्षा या सुविधाओं का उपयोग नहीं करते तथा समाज में शांति, संयम और अहिंसा का संदेश प्रसारित करते हैं।
ऐसे संतों के साथ लगातार बढ़ती दुर्घटनाएँ एवं हमले चिंताजनक विषय हैं। जैन समाज के अध्यक्ष डॉ. अक्षय टडेया ने कहा रीवा में आर्यिका माताओ के साथ जो सड़क हादसा हुआ। उसकी निष्पक्ष उच्चस्तरीय जाँच एसआईटी कराई जाए एवं राष्ट्रीय संत सुरक्षा नीति लागू की जाए।पद विहार में मार्गों पर प्रशासनिक समन्वय,
संवेदनशील क्षेत्र में पुलिस सहयोग, ट्रैफिक नियंत्रण, हाईवे एवं भीड़भाड़ क्षेत्र में विशेष सावधानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि ललितपुर जिले के ग्राम देवरान में हुई 11 मूर्ति चोरी हमारी धार्मिक आस्था पर हमला है। जिसका अभी तक खुलासा नही हो पाया। जिस पर कार्रवाई हेतु प्रशासन से आग्रह किया। महामंत्री आकाश जैन गैस ने कहा कि संत सुरक्षा केवल एक समाज का विषय नहीं, भारत की आध्यात्मिक विरासत की सुरक्षा का प्रश्न है।संतों के विरुद्ध अपराधों को विशेष संवेदनशील श्रेणी में रखा जाए। प्रशासन एवं समाज के बीच समन्वय तंत्र बने। नगर पालिका अध्यक्ष सोनाली जैन ने कहा कि जैन समाज सदैव शांति, अहिंसा, कानून और संवैधानिक मर्यादाओं में विश्वास रखता है। हमारा उद्देश्य किसी प्रकार का तनाव उत्पन्न करना नहीं, बल्कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकना है।कलेक्ट्रेट परिसर में दिगम्बर जैन पंचायत के नेतृत्व में नगर की विभिन्न संगठनों ने अपर जिलाधिकारी दिनेश कुमार को ज्ञापन सौपते हुए कार्यवाही की मांग की। इस मौके पर प्रमुख रूप से जैन पंचायत अध्यक्ष डॉ.अक्षय टडेया, महामंत्री आकाश जैन, नगर पालिका अध्यक्ष सोनाली जैन, सनत जैन खजुरिया, कैप्टन राजकुमार जैन, अनिल जैन अंचल, अजित जैन खजुरिया, शीलचन्द्र अनोरा, डॉ. राजकुमार जैन, पूर्व पार्षद मोदी पंकज जैन, सौरभ जैन सीए, अशोक जैन देलवारा, प्रतीक जैन इमलिया, राकेश जैन रिंकू, मनोज जैन बबीना, पार्षद आलोक जैन मयूर, ज्योति कल्पनित लोधी, हरदयाल लोधी एड,अजय जैन साइकिल, प्रदीप जैन चिगलौआ, राजेन्द्र जैन थनवारा, पवन जैन शिवाजी, अनिल डोगरा,संजीव जैन स्पोर्ट्स आदि मौजूद रहे।













Add Comment