भगवान श्री बाहुबली के परम भक्त जगद्गुरु कर्मयोगी स्वस्तिश्री चारुकीर्ति भट्टारक स्वामी जी का आज दीक्षा दिवस है। इसी वर्ष 23 मार्च 2023 को स्वामी जी की समाधि हुई थी। चारुकीर्ति भट्टारक स्वामी जी महान व्यक्तितव के धनी थे उन्होंने जैन मठ श्रवणबेलगोला तीर्थ को महामस्तकाभिषेक से नई उंचाइयों पर पहुंचाया। चारुकीर्ति स्वामी जी श्रमण संस्कृति के रक्षक थे उन्होंने श्रमण संस्कृति और धर्म के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया और श्रवणबेलगोला के विकास में अपना योगदान दिया। आज जिस श्रीफल जैन न्यूज वेबसाइट पर आप ये आलेख पढ़ रहे हैं इसे भी स्वामी जी ने ही ये नाम दिया था। स्वस्तिश्री चारुकीर्ति भट्टारक स्वामी जी के दीक्षा दिवस पर उनके जीवन पर ये आलेख पढ़िए।
कर्मशील, सौम्य, मौन संत, जगद्गुरु कर्मयोगी स्वस्तिश्री चारुकीर्ति भट्टारक स्वामी जी का 19 अप्रैल महावीर जयंती पर 1970 में श्रवणबेलगोला मठ में पट्टाभिषेक कर इनका पीठाधिकारी स्वस्ति श्री चारुकीर्ति भट्टारक स्वामी जी नाम पड़ा। तब से वे श्री क्षेत्र की अभिवृद्धि, श्रुत संवर्धन, समाज कल्याण और बच्चों के लिए शिक्षा सुविधा के कार्यों में जुटे रहे। श्रीक्षेत्र श्रवणबेलगोला का नवतर रूप, 40 से अधिक मंदिरों का जीर्णोद्धार, साफ-सुथरे विंध्यगिरि, चंद्रगिरि एवं गांव के सभी मंदिर, जिनमें एक ही साथ होती अभिषेक-पूजन को अनमोल मार्गदर्शन एवं व्यवस्था शक्ति का द्योतक थे। उन्होंने मैसूर से इतिहास में एमए बैंगलोर विद्यापीठ के तत्वाधान में एमए जैनागम में विशेष अध्यापन किया। हिंदी और संस्कृत साहित्य में विशारद किया। कन्नड़, अंग्रेजी, संस्कृत तथा हिंदी भाषा पर असाधारण प्रभुत्व सरल आकर्षक व्यक्तित्व पाश्चात्य दर्शनों के अध्ययन से अमेरिका, अफ्रीका, इंग्लैंड, बर्मा, थाईलैंड आदि अनेक देशों में अतिथि वक्ता के रूप में आमंत्रित किए गए। सन् 1988 में इंग्लैंड के लेस्टर शहर में भगवान श्री बाहुबली स्वामी जी की 7 फीट ऊंची प्रतिमा का प्रतिष्ठापन उनके मार्गदर्शन में संपन्न हुआ था। कारकल, कनकगिरि, कम्मदहल्ली अर्हत्सुगिरि मठ, मूडबिद्री मठ आदि के धर्म प्रभावी कार्यों में तथा बहुआयामी कार्यों में उनका कौशल निखरा हुआ था। भट्टारक चारुकीर्ति महास्वामी भगवान महावीर स्वामी के 2500वें निर्वाण महोत्सव के शुभ प्रसंग पर, भगवान गोम्मटेश्वर सहस्राब्दी महोत्सव के मुख्य प्रेरणा स्रोत रहे।
विराट महोत्सवों का सहज आयोजन

विश्व के सात आश्चर्यों में शामिल 57 फीट ऊंची विशालकाय श्रीगोम्मटेश बाहुबली स्वामी प्रतिमा का बारह वर्षों पश्चात् होने वाले महामस्तकाभिषेक में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने श्रीस्वामी जी को ‘कर्मयोगी’ की उपाधि से अलंकृत किया था। 2017 में कर्नाटक सरकार ने महावीर शान्ति पुरस्कार प्रदान किया, जिसमें 10 लाख रुपये, प्रशस्ति पत्र, शॉल, श्रीफल, माला पहनकर सम्मानित किया था।
धरियावद को मिला सानिध्य

12 वर्षों के अंतराल पर नियमित होने वाले गोम्मटेश भगवान बाहुबली स्वामी के विश्वस्तरीय महामस्तकाभिषेक वर्ष 1981, 1993, 2006 और 2018 के वर्षों में वात्सल्य वारिधि दिगंबर अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त प्रतिष्ठाचार्य पंडित हंसमुख जैन (धरियावद) के कुशल निर्देशन में आपने चारों विराट आयोजन धर्म प्रभावनापूर्वक सफलतापूर्वक संपन्न किए। अप्रैल 2001 में विश्व के सबसे छोटे सर्वांग हेमवंत श्री चंद्रप्रभु जिनालय नंदनवन के पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महामहोत्सव में आपका प्रवास धरियावद नगर को प्राप्त हुआ और पंचकल्याणक प्रतिष्ठा में सानिध्य और मार्गदर्शन प्रदान हुआ था। आप अप्रैल 1970 से मार्च 2023 तक लगातार आजीवन श्रवणबेलगोला मठ के पीठाधीश स्वामी रहकर जैन धर्म को विश्वस्तर पर नित नई पहचान और ऊंचाइयां दिलाईं।
समाज सेवा में सतत् अग्रणी रहे
– 2006 के महामस्तकाभिषेक के समय स्वामीजी ने पूरे गांव में सरकार व प्रशासन के सहयोग से शौचालय निर्माण का कार्य पूरा कराया
– आसपास के सभी गांवों के बीमार व्यक्तियों के स्वास्थ्य लाभ हेतु मोबाइल चिकित्सालय का संचालन किया
– जैन मठ से जैन-जैनेतर लोगों को हर माह नकद राशि का सहयोग किया
– बाहुबली बाल चिकित्सालय में 100 बेड और 100 बेड के जनरल अस्पताल का संचालन किया जा रहा है
– कर्नाटक में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राशन, कपड़े, चिकित्सा आदि की व्यवस्था की गई
– बच्चों को संस्कारित करने के लिए ब्रह्मचर्य आश्रम का संचालन, जिसमें धार्मिक और लौकिक दोनों प्रकार की शिक्षा प्रदान की जाती है
– नर्सरी से लेकर इंजीनियरिंग कॉलेज का संचालन किया जा रहा है
– जैन साहित्य और अन्य साहित्यों के प्रचार-प्रसार हेतु अनेक साहित्यकारों, विद्वानों और पत्रकारों को प्रतिवर्ष पुरस्कार प्रदान किया जाता है और सम्मेलनों का आयोजन होता है
– आर्थिक दृष्टि से पिछड़े समुदाय के व्यक्तियों को चिकित्सा सुविधा के साथ असहाय, मंदबुद्धि को 1100 रुपये प्रतिमाह सदस्यता राशि प्रदान की जाती है
– 1981 में पूरे देश में जनमंगल कलश का भ्रमण करवाया
– प्राचीन साहित्य के प्रकाशन के लिए अक्षर कलश योजना प्रारंभ की गई
– 6000 से अधिक पांडुलिपियां सुरक्षित की गईं
– साधुओं की सेवा के लिए त्यागी सेवा समिति अलग से बनाई गई
स्वामीजी ने 53 वर्षों में जो कुछ किया है, वह समाज के लिए प्रेरणास्पद है। सभी तरह के मठों, संस्थाओं और मंदिरों का संचालन धार्मिक क्रियाकलापों के साथ सामाजिक कार्यों के संचालन किया जा सका है।
साधना, ध्यान, अध्ययन को बनाया था जीवन का लक्ष्य
दिगंबर जैन समाज की लगभग सभी संस्थाएं स्वामी जी के पास मार्गदर्शन हेतु आती थीं और उन्हीं के अनुसार कार्य करती थीं। बीजापुर सहस्त्रफणी पार्श्वनाथ मंदिर, नल्लुर समवशरण मंदिर, मकुर्ल आदिनाथ मंदिर, शालीग्राम भक्तामर मंदिर, आर्सिकेरी सहस्त्रकूट जिनालय व मायसंद्रा मंदिर के वे गौरव अध्यक्ष रहे थे। जहां के सभी कार्य उन्हीं के मार्गदर्शन में होते रहे हैं। परम पूज्य स्वामी ने 1997 से अपनी चर्या में चातुर्मास चर्या को शामिल किया था। तब से अब तक आप 16 चातुर्मास कर चुके। सामाजिक कार्यों व मठ के दायित्वों को निभाते हुए उन्होंने आध्यात्मिक और आत्मिक साधना को भी पूरा समय दिया। प्रतिवर्ष मौन साधना, ध्यान, अध्ययन, स्वाध्याय नियमित तौर पर करते थे। तप और त्याग भी साथ-साथ चलता रहता खा।
करते थे पद विहार
वर्ष 1997 के बाद से उन्होंने गाड़ी का प्रयोग कम किया और 2002 से 2009 तक तो उन्होंने पद विहार ही किया। स्वामी जी के गाड़ी त्याग के पीछे एक महत्वपूर्ण कारण था। इस दौरान उनके मार्गदर्शन में विद्वानों ने धवला, जयधवला और महाधवला के 40 भागों का कन्नड़ में अनुवाद किया। स्वामी जी ने इन सभी का संपादन किया है। इसमें से 21 का प्रकाशन हो चुका है और बाकी प्रकाशन की प्रक्रिया में है। कार्य पूर्ण होने के बाद भी वह केवल अत्यावश्यक कार्यों के लिए बाहर जाने पर ही गाड़ी का प्रयोग करते थे अन्यथा यहां तो पदविहार ही करते थे।
फोन का किया था त्याग
वर्ष 2001 से फोन पर बात करने का उन्होंने त्याग किया था। इतने व्यस्त कार्यक्रमों और इतनी बड़ी जिम्मेदारियों को निभाने के बावजूद फोन के बिना सभी कार्य सुचारू रूप से चलाना अपने आप में एक विलक्षण गुण है। ऐसे बहुमुखी प्रतिभावान, गुणी और विनम्र भट्टारक जी के ही कारण श्रीक्षेत्र की पहचान आज चहुंओर है। यहां आने वाले अतिथि, यात्री, त्यागी व संत सभी इनके आत्मीय स्वागत और उत्तम व्यवस्थाओं से अभिभूत होकर प्रसन्नचित्त लौटते हैं। मठाधिपति के पद पर आसीन होकर विनम्रता का भाव लिए यह सहज व्यक्तित्व हर आम और खास के लिए प्रेरणा का स्त्रोत रहा है। हम सभी को स्वामी जी से समर्पण, श्रद्घा, लगन और निष्ठा सीखनी होगी, तभी तो समाज को एक माला में पिरोकर धर्म रक्षा, तीर्थ रक्षा, संत रक्षा और देश रक्षा का फर्ज पूरा कर सकेंगे।
विश्व शांति के लिए कार्य करने पर 2017 में कर्नाटक सरकार ने स्वामी जी को महावीर शांति पुरस्कार से नवाजा था। इसके तहत 10 लाख रुपए, प्रशस्ति, शॉल और श्रीफल देकर सम्मानित किया गया था।













Add Comment