समाचार

भगवान नेमीनाथ के मोक्ष कल्याणक पर गिरनार पर्वत पर चढ़ाया निर्वाण लाडू : हजारों श्रद्धालुओं ने की वंदना और आराधना


भगवान नेमीनाथ के मोक्ष कल्याणक पर गुजरात स्थित पवित्र गिरनार जी पर्वत पर हजारों श्रद्धालुओं ने अभिषेक, शांतिधारा, पूजन एवं निर्वाण लाडू समर्पित किया। मध्यप्रदेश सहित देशभर से पहुंचे श्रद्धालुओं ने भक्ति एवं श्रद्धा के साथ पर्व मनाया। पढ़िए श्रीफल साथी राजेश जैन रागी/रत्नेश जैन रागी की यह रिपोर्ट।


जूनागढ़ (गुजरात)। जैन धर्म के 22वें तीर्थंकर भगवान श्री नेमीनाथ के मोक्ष कल्याणक के पावन अवसर पर गिरनार जी पर्वत की प्रथम टोंक स्थित श्री बंडीलाल दिगंबर जैन मंदिर में हजारों श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव के साथ अभिषेक, शांतिधारा, पूजन एवं निर्वाण लाडू अर्पित किया। इस अवसर पर मध्यप्रदेश सहित देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु गिरनार जी पहुंचे और मोक्षभूमि की वंदना कर धर्मलाभ प्राप्त किया।

गिरनार पर्वत पर उमड़ा आस्था का सैलाब

मोक्ष कल्याणक महोत्सव के दौरान गिरनार जी की तलहटी से लेकर प्रथम टोंक और प्रथम से पंचम टोंक तक दर्शनार्थियों की लंबी कतारें लगी रहीं। श्रद्धालुओं ने भगवान नेमीनाथ के प्रति अपनी अटूट श्रद्धा व्यक्त करते हुए गिरनार पर्वत की वंदना एवं आराधना की।

निर्वाण लाडू एवं शांतिधारा का आयोजन

प्रथम टोंक पर निर्वाण लाडू अजीत-अनीता जैन एवं योगेश जैन द्वारा अर्पित किया गया। वहीं तलहटी स्थित बंडीलाल दिगंबर जैन मंदिर में पदमचंद-उर्मिला जैन (सुकेश इंडस्ट्री, जयपुर) तथा दीपचंद-सनत कुमार छाबड़ा (कोलकाता) ने निर्वाण लाडू चढ़ाने का सौभाग्य प्राप्त किया। शांतिधारा पदमचंद जैन (जयपुर) एवं रविंद्र प्रसाद-राजीव जैन (दिल्ली) द्वारा संपन्न हुई।

व्यवस्थाओं में रहा विशेष सहयोग

भारतवर्षीय दिगंबर जैन तीर्थक्षेत्र कमेटी मध्यांचल के प्रचार प्रमुख एवं प्रवक्ता राजेश जैन रागी ने बताया कि आयोजन को सफल बनाने हेतु ट्रस्ट एवं विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारियों ने कई दिनों तक शासन-प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर व्यवस्थाओं को सुचारु रखा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भोजन, स्वल्पाहार एवं भाता की भी विशेष व्यवस्था की गई।

सहयोगियों का किया सम्मान और आभार

श्री बंडीलाल दिगंबर जैन कारखाना ट्रस्ट कमेटी तथा सहयोगी संस्थाओं ने आयोजन की सफलता के लिए शासन-प्रशासन, समाज के विभिन्न संगठनों, पुण्यार्जकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए सभी के पुण्यों की अनुमोदना की।

आप को यह कंटेंट कैसा लगा अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
+1
2
+1
0
+1
0
Shree Phal News

You cannot copy content of this page