जयपुर हाउस स्थित श्री राम पार्क में चल रहे 25 समवशरण महामंडल विधान के चौथे दिन शुक्रवार को भक्ति, भावना और भव्यता का अद्भुत संगम नजर आया। उपाध्याय श्री विहसंत सागर जी महाराज ससंघ के पावन सान्निध्य एवं श्री शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर समिति जयपुर हाउस के तत्वावधान में चल रहा यह आयोजन निरंतर आध्यात्मिक ऊंचाइयों को स्पर्श कर रहा है। आगरा से पढ़िए, शुभम जैन की यह रिपोर्ट…
आगरा। जयपुर हाउस स्थित श्री राम पार्क में चल रहे 25 समवशरण महामंडल विधान के चौथे दिन शुक्रवार को भक्ति, भावना और भव्यता का अद्भुत संगम नजर आया। उपाध्याय श्री विहसंत सागर जी महाराज ससंघ के पावन सान्निध्य एवं श्री शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर समिति जयपुर हाउस के तत्वावधान में चल रहा यह आयोजन निरंतर आध्यात्मिक ऊंचाइयों को स्पर्श कर रहा है। प्रातःकाल प्रभु के अभिषेक एवं शांतिधारा के साथ दिन का शुभारंभ हुआ। जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर पुण्य अर्जित किया। इसके बाद विधान की मांगलिक क्रियाएं विधिपूर्वक कराई गईं। पंडितों के मंत्रोच्चार से संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो उठा। विधान के दौरान चौबीस समवशरणों में श्रद्धालु 24 चक्रवर्ती परिवार के रूप में विराजमान हुए तो वहीं 25वें समवशरण में मुख्य चक्रवर्ती के रूप में सौधर्म, कुबेर एवं यज्ञनायक ईशान इंद्र-इंद्राणियों के साथ विधान की मांगलिक क्रियाएं पूर्ण श्रद्धा और विधि-विधान से संपन्न की गईं, जो आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहा।
मधुर भजनों की मनमोहक प्रस्तुति
मुख्य समवशरण में उपाध्यायश्री ने गणधर रूप में विराजमान होकर धर्मदेशना प्रदान की। जिससे उपस्थित श्रद्धालु भाव विभोर हो उठे। सायं कालीन बेला में भक्ति का रंग और भी गहरा हो गया, जब शानू एंड पार्टी द्वारा मधुर भजनों की मनमोहक प्रस्तुति दी गई। वहीं सायं कालीन मंगल आरती मंजीत जैन, राहुल जैन एवं दीपक जैन परिवार द्वारा अत्यंत श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न की गई, जिसमें समस्त श्रद्धालु भक्ति में लीन नजर आए। आयोजन की सुव्यवस्थित व्यवस्थाएं एवं श्रद्धालुओं की सक्रिय सहभागिता इस भव्य धार्मिक आयोजन को निरंतर सफल बना रही हैं। इस अवसर पर सुनील सिंघई, संजय जैन मारसंस, राजकुमार गुड्डू, डॉ. वीके अग्रवाल, संदेश जैन सहित जयंती हाउस जैन समाज के अनेक गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।













Add Comment