समाचार

निर्मल सेवा सदन में होगा मुनि श्री 108 समत्व सागर जी महाराज ससंघ का भव्य चातुर्मास मंगल कलश स्थापना समारोह : प्रेस वार्ता में वर्षायोग के धार्मिक महत्व पर डाला प्रकाश


आगरा के निर्मल सेवा सदन में 29 जुलाई से मुनि श्री 108 समत्व सागर जी महाराज ससंघ का चातुर्मास वर्षायोग प्रारंभ होगा। प्रेस वार्ता में चातुर्मास के आध्यात्मिक एवं अहिंसा आधारित महत्व पर प्रकाश डाला गया तथा वर्षायोग पत्रिका का विमोचन भी किया गया। पढ़िए श्रीफल साथी राहुल जैन की यह रिपोर्ट।


आगरा। निर्मल सेवा सदन, छीपीटोला में संत चर्या शिरोमणि पट्टाचार्य आचार्य श्री 108 विशुद्ध सागर जी महामुनिराज के परम प्रभावक शिष्य जगत विख्यात मुनि श्री 108 समत्व सागर जी महाराज, मुनि श्री 108 शील सागर जी महाराज एवं मुनि श्री 108 सुप्रभात सागर जी महाराज ससंघ के सान्निध्य में 29 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाले चातुर्मास मंगल कलश स्थापना समारोह को लेकर प्रेस वार्ता आयोजित की गई।

चातुर्मास का बताया आध्यात्मिक महत्व

मुनि श्री समत्व सागर जी महाराज ने कहा कि जैन धर्म में चातुर्मास आत्मचिंतन, तप, स्वाध्याय, ध्यान और अहिंसा के पालन का सर्वोत्तम अवसर है। वर्षा ऋतु में सूक्ष्म जीवों की रक्षा के उद्देश्य से जैन साधु-संत एक ही स्थान पर विराजमान रहकर धर्म साधना एवं प्रवचन करते हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 में चातुर्मास 29 जुलाई से 15 नवंबर तक रहेगा।

अहिंसा का अनुपम संदेश

मुनि श्री ने कहा कि जैन दर्शन प्रत्येक जीव में आत्मा का अस्तित्व स्वीकार करता है। वर्षा ऋतु में भूमि पर सूक्ष्म जीवों की संख्या बढ़ जाती है, इसलिए इस अवधि में विहार न कर एक स्थान पर रहना अहिंसा के सिद्धांत का श्रेष्ठ पालन माना जाता है। यही चातुर्मास की मूल भावना है।

वर्षायोग पत्रिका का हुआ विमोचन

प्रेस वार्ता के दौरान मुनि श्री समत्व सागर जी महाराज एवं श्रुत मंथन वर्षायोग समिति द्वारा वर्षायोग पत्रिका का विधिवत विमोचन किया गया। पत्रिका में चातुर्मास के दौरान आयोजित होने वाले धार्मिक कार्यक्रमों, प्रवचनों एवं विविध आयोजनों की जानकारी प्रकाशित की गई है।

युद्ध स्तर पर चल रही तैयारियां

चातुर्मास समिति के मुकेश जैन एवं विवेक जैन ने बताया कि पहली बार निर्मल सेवा सदन, छीपीटोला में मुनि श्री का वर्षायोग आयोजित हो रहा है, जिससे श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है। मंत्री प्रवीण जैन ने बताया कि स्वागत द्वार, आकर्षक सजावट, प्रकाश व्यवस्था एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं सहित सभी तैयारियां युद्ध स्तर पर की जा रही हैं।

समिति के पदाधिकारी रहे उपस्थित

इस अवसर पर श्रुत मंथन वर्षायोग समिति के अध्यक्ष मनोज जैन बल्ले, मंत्री प्रवीण जैन पद्मावती, कोषाध्यक्ष शैलेश जैन लालाजी, मुकेश जैन, विवेक जैन, मनोज जैन, चक्रेश जैन, रखी लाल जैन, रमेश जैन, रिंकू जैन, राजू जैन, आशीष जैन, रोहित जैन, अमित जैन, गौरव जैन, आनंद जैन, मीडिया प्रभारी राहुल जैन सहित समिति के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

आप को यह कंटेंट कैसा लगा अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
+1
0
+1
0
+1
0
Shree Phal News

About the author

Shree Phal News

Add Comment

Click here to post a comment

You cannot copy content of this page