कुण्डलपुर सिद्धक्षेत्र में भगवान महावीर स्वामी का मोक्ष कल्याणक महोत्सव अत्यंत भव्यता एवं भावपूर्ण माहौल में मनाया गया, जिसमें निर्वाण लाडू चढ़ाने हेतु श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और दीपोत्सव में बुंदेली भजनों ने वातावरण को आलोकित किया। पढ़िए पूरी रिपोर्ट…
कुण्डलपुर (दमोह) सिद्धक्षेत्र में जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी के मोक्ष कल्याणक महोत्सव का आयोजन अत्यंत दिव्यता और भक्ति के साथ संपन्न हुआ। प्रातः कालीन कार्यक्रम में भक्तामर महामंडल विधान, पूज्य बड़े बाबा का अभिषेक, शांतिधारा एवं महावीर पूजन हुआ, जिसमें देशभर से पहुंचे श्रद्धालुओं ने प्रभु चरणों में निर्वाण लाडू अर्पित करने का सौभाग्य प्राप्त किया।
इस पावन अवसर पर नाभिराज पारसोवा, बांसवाड़ा, अहमदाबाद, दिल्ली, पुणे, भोपाल, दमोह और ग्वालियर सहित अनेक प्रतिष्ठित जैन परिवारों ने प्रथम अभिषेक एवं निर्वाण लाडू चढ़ाने का लाभ प्राप्त किया।
सायंकाल भक्तामर दीप अर्चना एवं संगीतमय महाआरती के पश्चात मानस्तंभ परिसर में दीपोत्सव का आयोजन हुआ। इस अवसर पर सुप्रसिद्ध बुंदेली जैन भजन गायक जितेंद्र जैन जित्तू टड़ा एवं गायिका माही जैन ने आचार्य विद्यासागर जी एवं समयसागर जी महाराज की स्तुतियों द्वारा भजन प्रस्तुति दी — जिसमें “बड़े बाबा कृपा तुम करें रियो” एवं “ऐसे तीर्थ ना मिले हैं कोनऊ से खंड में” जैसे अतिभावपूर्ण गीतों ने वातावरण को जीवंत कर दिया।
अंत में आचार्य विद्यासागर गौशाला में गौ पूजन कर गायों को गुड़ लड्डू एवं चारा-भूसा खिलाया गया तथा गौशाला स्टाफ का क्षेत्रीय कमेटी द्वारा सम्मान किया गया। समूचा कुण्डलपुर भक्ति, दया एवं दीपों की रोशनी से आलोकित रहा।













Add Comment