समाचार

शाश्वत तीर्थ अयोध्या में गणिनी प्रमुख: श्री ज्ञानमती माताजी ससंघ ने की वर्षायोग स्थापना


शाश्वत तीर्थ अयोध्या स्थित श्री दिगंबर जैन मंदिर, रायगंज में गणिनी प्रमुख श्री ज्ञानमती माताजी ससंघ ने वर्षायोग स्थापना की। चातुर्मास के दौरान दशलक्षण महापर्व में इन्द्रध्वज महामंडल विधान सहित अनेक धार्मिक आयोजन होंगे। पढ़िए श्रीफल साथी उदयभान जैन की यह रिपोर्ट।


अयोध्या।bशाश्वत तीर्थ अयोध्या स्थित श्री दिगंबर जैन मंदिर, रायगंज में जैन समाज की सर्वोच्च साध्वी गणिनी प्रमुख श्री ज्ञानमती माताजी ससंघ ने विधिपूर्वक वर्षायोग (चातुर्मास) की स्थापना की। संघ में 16 आर्यिकाएँ एवं ब्रह्मचारिणी बहनें विराजमान हैं, जो आगामी चार माह तक अयोध्या में धर्म, साधना एवं स्वाध्याय का मार्ग प्रशस्त करेंगी।

अयोध्या तीर्थ क्षेत्र समिति के मंत्री विजय कुमार जैन ने बताया कि जैन शास्त्रों के अनुसार वर्षाकाल में आषाढ़ शुक्ल चतुर्दशी से कार्तिक कृष्ण अमावस्या तक साधु-साध्वियाँ एक ही स्थान पर विराजमान रहकर संयम, साधना और स्वाध्याय का पालन करते हैं।

अयोध्या में सम्पन्न होगा चातुर्मास

गणिनी प्रमुख श्री ज्ञानमती माताजी ने अपने मंगल प्रवचन में कहा कि वर्ष 2026 का चातुर्मास भगवान तीर्थंकरों की जन्मभूमि शाश्वत तीर्थ अयोध्या में सम्पन्न होना उनका परम सौभाग्य है। इस अवसर पर तीर्थ क्षेत्र समिति एवं देशभर से आए श्रद्धालुओं ने श्रीफल समर्पित कर विनयपूर्वक चातुर्मास स्थापना का निवेदन किया।

संयम उपकरण पिच्छी भेंट एवं चरण प्रक्षालन

समारोह में पूज्य माताजी को संयम का उपकरण पिच्छी अर्पित करने का सौभाग्य श्रीमती सरला, महावीर प्रसाद, दर्शना, रविप्रकाश, पारस, मानसी, ऋषभ जैन एवं सिद्धि जैन (निजामाबाद, तेलंगाना) परिवार को प्राप्त हुआ। वहीं चरण प्रक्षालन का सौभाग्य सपना जितेन्द्र जैन लुहाड़िया एवं माधुरी विजय पापड़ीवाल परिवार ने प्राप्त किया।

दशलक्षण महापर्व में होगा इन्द्रध्वज महामंडल विधान

चातुर्मास के दौरान दशलक्षण महापर्व के अंतर्गत भाद्रपद शुक्ल पंचमी से चतुर्दशी तक 11 दिवसीय इन्द्रध्वज महामंडल विधान का आयोजन किया जाएगा। इसमें देशभर से हजारों श्रद्धालु सहभागी होंगे तथा 50 मंडलों में अर्घ्य समर्पित कर भगवान की आराधना की जाएगी।

भक्ति के साथ प्रारम्भ हुआ चातुर्मास

आर्यिका श्री चंदनामती माताजी एवं पीठाधीश स्वस्तिश्री रविन्द्रकीर्ति स्वामीजी ने श्रद्धालुओं को मंगल आशीर्वाद प्रदान किया। सायंकाल भगवान एवं पूज्य माताजी की मंगल आरती सम्पन्न हुई। रात्रि में भक्तिपाठ, दिग्बंधन एवं वर्षायोग की सभी धार्मिक क्रियाएँ सम्पन्न कर चातुर्मास का विधिवत शुभारम्भ किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. जीवन प्रकाश जैन (जम्बूद्वीप, हस्तिनापुर) ने किया तथा सभी अतिथियों एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।

आप को यह कंटेंट कैसा लगा अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
+1
0
+1
0
+1
0
Shree Phal News

About the author

Shree Phal News

Add Comment

Click here to post a comment

You cannot copy content of this page