सनावद के जैन मुक्ति धाम में जीर्ण-शीर्ण दाह संस्कार शेड का जीर्णोद्धार एवं नवीन रंग-रोगन कार्य पूर्ण हो गया। यह सेवा कार्य पुण्यराजक परिवार ने अपने स्वजनों की पावन स्मृति में धर्मार्थ दान स्वरूप कराया। पढ़िए श्रीफल साथी सन्मति जैन काका की यह रिपोर्ट।
सनावद। नगर के जैन मुक्ति धाम में वर्षों से जर्जर हो चुके दाह संस्कार टीन शेड का जीर्णोद्धार एवं नवीन रंग-रोगन का कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है। इस कार्य से मुक्ति धाम की सुविधाओं में महत्वपूर्ण सुधार हुआ है।
पावन स्मृति में कराया सेवा कार्य
समाज प्रवक्ता सन्मति जैन काका ने बताया कि यह पुण्य कार्य स्वर्गीय श्रीमती नाजुक बाई, स्वर्गीय सेठ श्री सोनचरण जी सा. एवं स्वर्गीय सेठ श्री सुरेशचंद जी सा. की पावन स्मृति में पुण्यराजक परिवार द्वारा धर्मार्थ दान स्वरूप कराया गया।
परिवार ने निभाई सामाजिक जिम्मेदारी
दानदाता राजा जैन, ऋषभ जैन, सौरभ जैन, सुकेश जैन, राहुल जैन एवं अम्बरीश जैन ने बताया कि अपने स्वजनों की स्मृतियों को चिरस्थायी एवं समाजोपयोगी बनाने की भावना से यह सेवा कार्य कराया गया है।
समाज ने किया आभार व्यक्त
सकल दिगम्बर जैन समाज सनावद ने इस पुण्य कार्य की मुक्तकंठ से अनुमोदना करते हुए पुण्यराजक परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया। समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार के धर्मार्थ कार्य समाज में सेवा, सहयोग और संस्कार की प्रेरणा देते हैं।
सेवा का प्रेरक उदाहरण
जैन समाज ने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार के जनहितकारी कार्य अन्य परिवारों को भी समाजोपयोगी सेवा कार्यों के लिए प्रेरित करेंगे तथा सामाजिक सहभागिता की भावना को और मजबूत करेंगे।













Add Comment