आगरा के ट्रांस यमुना कॉलोनी स्थित श्री 1008 चंद्र प्रभु दिगंबर जैन पंचायती मंदिर में नई कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। नवगठित टीम ने मंदिर विकास, धार्मिक गतिविधियों के विस्तार एवं समाज सेवा को समर्पित भाव से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। पढ़िए श्रीफल साथी की यह रिपोर्ट।
आगरा। ट्रांस यमुना कॉलोनी स्थित श्री 1008 चंद्र प्रभु दिगंबर जैन पंचायती मंदिर में रविवार को नई कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह श्रद्धा, उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में समाज के वरिष्ठजन, महिला मंडल, नवकार वधू मंडल, युवा वर्ग एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
भक्तिमय वातावरण में हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ महिला मंडल एवं नवकार वधू मंडल द्वारा मंगलाचरण एवं भक्तिमय भजनों की प्रस्तुति से हुआ। इसके पश्चात नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया गया।
नई कार्यकारिणी ने लिया सेवा का संकल्प
शपथ ग्रहण के दौरान पदाधिकारियों ने समाज के विश्वास पर खरा उतरने, मंदिर की व्यवस्थाओं को अधिक सुदृढ़ बनाने तथा धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को नई गति देने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि समाज की एकजुटता और सभी के सहयोग से मंदिर विकास के नए आयाम स्थापित किए जाएंगे।
इन पदाधिकारियों को मिली जिम्मेदारी
नई कार्यकारिणी में चैतन्य स्वरूप जैन एवं प्रशांत जैन को संरक्षक, जितेंद्र कुमार जैन ‘बंटी’ को अध्यक्ष, सुबोध कुमार जैन को उपाध्यक्ष, धर्मेंद्र कुमार जैन को महामंत्री, राजीव जैन को कोषाध्यक्ष, संदीप जैन को संयुक्त मंत्री, मोहित जैन को संगठन मंत्री, कमल जैन को मंदिर मंत्री, विप्लव जैन को प्रचार मंत्री, वैभव जैन को सांस्कृतिक मंत्री तथा सीए मनीष जैन एवं आकाश जैन को ऑडिटर की जिम्मेदारी सौंपी गई।
समाजजनों ने दी शुभकामनाएं
समारोह में वरिष्ठ पत्रकारों सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। उन्होंने नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए समाजहित के कार्यों में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में पुष्पेंद्र जैन, अनंत भाई, सतीश कुमार, दिनेश बाबू, विजेंद्र जैन, कंचन जैन, नीलम जैन, पूजा जैन, संगीता जैन, शर्मिष्ठा जैन, सिद्ध शरण जैन, अमंता जैन, खुशबू जैन, प्रीति जैन, पारुल जैन, दर्पण जैन, स्नेहलता जैन, देवेंद्र जैन, राजीव जैन केसरी, पंकज जैन, ओम प्रकाश जैन, राजेश जैन, बबीता जैन सहित महिला इकाई ट्रांस यमुना, नवकार वधू मंडल एवं समाज के अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
मंदिर विकास को मिलेगी नई दिशा
समारोह के अंत में समाजजनों ने नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए मंदिर विकास, धार्मिक आयोजनों के विस्तार तथा समाजहित के कार्यों में सक्रिय सहयोग देने का विश्वास व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन मंगलकामनाओं एवं सामूहिक आशीर्वाद के साथ हुआ।













Add Comment