अखिल भारतीय संस्था तरुण मित्र परिषद, दिल्ली द्वारा अन्नपूर्णा सेवा संघ के तत्वावधान में अन्नपूर्णा भोजनशाला हॉल में शुक्रवार को निःशुल्क विराट दिव्यांग कैम्प लगाया गया। शिविर में 140 से अधिक दिव्यांगजनों ने पंजीकरण कराया। ललितपुर से पढ़िए, यह खबर…
ललितपुर। अखिल भारतीय संस्था तरुण मित्र परिषद, दिल्ली द्वारा अन्नपूर्णा सेवा संघ के तत्वावधान में अन्नपूर्णा भोजनशाला हॉल में शुक्रवार को निःशुल्क विराट दिव्यांग कैम्प लगाया गया। शिविर में 140 से अधिक दिव्यांगजनों ने पंजीकरण कराया और सहायक उपकरणों के लिए उनका चयन एवं माप लिया गया।शिविर का शुभारंभ अपर जिलाधिकारी दिनेश कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि तरुण मित्र परिषद द्वारा दिव्यांगजनों के हित में किया जा रहा कार्य अत्यंत सराहनीय और प्रेरणादायक है। उन्होंने अन्नपूर्णा सेवा संघ की विभिन्न सामाजिक योजनाओं की भी प्रशंसा की। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रो. डॉ. मयंक शुक्ला (डीन, मेडिकल कॉलेज) ने की।
तरुण मित्र परिषद के कैम्प संयोजक समकित जैन ने बताया कि संस्था पिछले 51 वर्षों से समाज के पिछड़े एवं उपेक्षित वर्गों के उत्थान हेतु कार्य कर रही है। विशेषकर साधनहीन विद्यार्थी, रोगी, विधवा एवं दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए देश के विभिन्न राज्यों में नियमित रूप से शिविर लगाए जाते हैं।
सहायक उपकरणों का माप लिया
संस्था के संस्थापक एवं अध्यक्ष अशोक जैन ने बताया कि समीर व शिल्पी सौंधी (यू.एस.ए.) के सहयोग से यह 64 वां दिव्यांग कैम्प आयोजित किया गया। इसमें 140 से अधिक जरूरतमंदों का पंजीकरण किया गया। जिनमें से चयनित लाभार्थियों के लिए कृत्रिम अंग एवं अन्य सहायक उपकरणों का माप लिया गया। शिविर में 22 कृत्रिम पैर, 5 कृत्रिम हाथ, 28 पोलियो कैलिपर्स, 7 ऑर्थो शूज, 10 स्टिक, 5 वॉकर, 2 बैसाखियां तथा 11 श्रवणहीन बुजुर्गों के लिए श्रवण यंत्र प्रदान किए जाने हेतु चयन प्रक्रिया पूरी की गई। आयोजकों के अनुसार सभी उपकरण दिल्ली स्थित कार्यशाला में तैयार किए जाएंगे और 7 जून को मेडिकल कॉलेज परिसर स्थित अन्नपूर्णा भोजनशाला हॉल में सुबह 9 बजे से उनका वितरण किया जाएगा। शिविर के सफल आयोजन में समकित जैन सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य नागरिकों का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर बीके अग्रवाल, महेन्द्र बडघरिया, सुरेश बाबू जैन एडवोकेट, अरविंद जैन, महेन्द्र सिंघई (पार्षद), डॉ. डी.के. जैन सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।













Add Comment