पथरिया स्थित प्रसिद्ध विरागोदय तीर्थ धर्मधाम में अज्ञात बदमाश मंदिर के ताले तोड़कर तीन गुप्त दान पात्र चोरी कर ले गए। लाखों रुपए की दानराशि चोरी होने से जैन समाज में भारी आक्रोश है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पढ़िए विरागोदय तीर्थ से रत्नेश जैन, बकस्वाहा की रिपोर्ट
बकस्वाहा/- निकटवर्ती नगर पथरिया के प्रसिद्ध जैन तीर्थ विरागोदय तीर्थ धर्मधाम में 21-22 मई 2026 की दरमियानी रात अज्ञात बदमाशों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश जिनालय के ताले तोड़कर तीन गुप्त दान पात्र उठाकर ले गए और उनमें रखी लाखों रुपए की दानराशि चोरी कर फरार हो गए।
सुबह खुला घटना का राज
बताया गया कि 22 मई की सुबह करीब 5 बजे मंदिर का माली और श्रद्धालु मंदिर पहुंचे तो मुख्य ताले टूटे हुए मिले। अंदर जाकर देखा तो गुप्त दान पात्र भी गायब थे। यह देखकर सभी लोग दंग रह गए। तुरंत मंदिर समिति के पदाधिकारियों और प्रबंधन को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस को खबर दी गई।

मंदिर परिसर के बाहर मिले टूटे दान पात्र
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें पूरी घटना कैद होना बताई जा रही है। बाद में मंदिर की बाउंड्री के बाहर टूटे हुए खाली दान पात्र पड़े मिले। बदमाश उनमें रखी पूरी दानराशि लेकर फरार हो गए।
सात महीने से नहीं खुले थे दान पात्र
जानकारी के अनुसार ये गुप्त दान पात्र पिछले सात महीनों से नहीं खोले गए थे। ऐसे में उनमें लाखों रुपए की राशि होने का अनुमान लगाया जा रहा है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र सहित जैन समाज और श्रद्धालुओं में भारी नाराजगी और चिंता का माहौल है।
आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
मंदिर समिति के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं के पदाधिकारियों तथा क्षेत्रीय नागरिकों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी, चोरी गई राशि की बरामदगी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने शुरू की सघन जांच
पथरिया थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 0234, दिनांक 22/05/2026 को बीएनएस की धारा 331(4) और 305(ए) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इनका कहना है
“जांच सघनता से जारी है। जल्द ही चोर बदमाशों को पकड़कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
— प्रिया सिंधी, एसडीओपी पथरिया













Add Comment