समाचार

दो दिवसीय वेदी प्रतिष्ठा महोत्सव श्रद्धा भक्ति से शुरू : मोती कटरा स्थित श्री संभवनाथ दिगम्बर जैन बड़ा मंदिर में छाया धार्मिक उल्लास 


श्री संभवनाथ दिगंबर जैन बड़ा मंदिर मोती कटरा में दो दिवसीय वेदी प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ गुरुवार को श्रद्धा, भक्ति एवं धार्मिक उल्लास के साथ हुआ। आचार्यश्री चैत्यसागर जी महाराज ससंघ के सानिध्य में हुए इस महोत्सव में प्रातःकाल से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। आगरा से पढ़िए, शुभम जैन की यह रिपोर्ट…


आगरा। श्री संभवनाथ दिगंबर जैन बड़ा मंदिर मोती कटरा में दो दिवसीय वेदी प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ गुरुवार को श्रद्धा, भक्ति एवं धार्मिक उल्लास के साथ हुआ। आचार्यश्री चैत्यसागर जी महाराज ससंघ के सानिध्य में हुए इस महोत्सव में प्रातःकाल से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मंदिर परिसर जयकारों, मंत्रोच्चार और भक्तिमय वातावरण से गुंजायमान हो उठा। महोत्सव के प्रथम दिवस पर प्रातः8 बजे ध्वजारोहण के साथ श्री यागमंडल विधान का किया गया, वहीं दोपहर 2.30 बजे से वास्तु विधान विधि-विधानपूर्वक हुआ। धार्मिक अनुष्ठानों में महिला-पुरुषों, युवक-युवतियों एवं बच्चों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। श्रद्धालुओं ने पूर्ण श्रद्धा के साथ पूजन-अर्चन कर धर्मलाभ प्राप्त किया। अपने मंगल प्रवचनों में आचार्य श्री चैत्यसागर जी महाराज ने धर्म संयम एवं आत्म कल्याण का संदेश देते हुए कहा कि जिनालय केवल पूजा का स्थान नहीं, बल्कि आत्मशुद्धि और संस्कारों का केंद्र होता है। उन्होंने समाजजनों से धर्म के प्रति आस्था बनाए रखने तथा नई पीढ़ी को संस्कारवान बनाने का आह्वान किया। महोत्सव के अंतर्गत नवीन वेदी प्रतिष्ठा के साथ 1008 भगवान सुपार्श्वनाथ,भगवान पार्श्वनाथ एवं भगवान महावीर स्वामी सहित 501 जिनविम्बों के विराजमान होने का पुण्य अवसर प्राप्त हो रहा है।

अभिषेक और शांतिधारा 8 मई को 

आयोजन समिति के अनुसार 8 मई को प्रातः 6.30 बजे से अभिषेक एवं शांतिधारा प्रारंभ होगी तथा प्रातः 9 बजे श्रीजी को वेदी पर विराजमान कराने का ऐतिहासिक कार्यक्रम किया जाएगा। संचालन में अग्रवाल दिगंबर जैन बड़ा मंदिर समिति मोती कटरा के पदाधिकारियों एवं समाजसेवियों का विशेष सहयोग रहा। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में भारी उत्साह एवं गहरी भक्ति भावना देखने को मिली। इस मौके पर राकेश जैन पर्देवाले, अनिल जैन, अनंत कुमार जैन, मनोज जैन, विजय जैन, सुनील जैन, संजीव जैन, मोती कटरा जैन समाज के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

आप को यह कंटेंट कैसा लगा अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
+1
0
+1
0
+1
0
Shree Phal News

About the author

Shree Phal News

Add Comment

Click here to post a comment

You cannot copy content of this page