समाचार

प्रभु का ज्ञानकल्याणक महोत्सव श्रद्धा के साथ संपन्न : नवधा भक्ति पूर्वक हुआ महामुनिराज का आहारदान


 आदर्श नगर, बल्केश्वर स्थित श्री सर्वताभद्र जिनालय द्वारा आयोजित श्री आदिनाथ जिनबिंब पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव का भव्य आयोजन 27 अप्रैल तक एमडी जैन इंटर कॉलेज ग्राउंड, अयोध्या नगरी, हरीपर्वत में किया जा रहा है। आगरा से पढ़िए, शुभम जैन की यह रिपोर्ट…


आगरा। न्यू आदर्श नगर, बल्केश्वर स्थित श्री सर्वताभद्र जिनालय द्वारा आयोजित श्री आदिनाथ जिनबिंब पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव का भव्य आयोजन 27 अप्रैल तक एमडी जैन इंटर कॉलेज ग्राउंड, अयोध्या नगरी, हरीपर्वत में किया जा रहा है। महोत्सव के चौथे दिन 26 अप्रैल को प्रभु का ज्ञानकल्याणक महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। उपाध्याय श्री विहसंतसागर जी महाराज एवं मुनिश्री विश्वसौम्यसागर जी महाराज ससंघ के पावन सानिध्य तथा प्रतिष्ठाचार्य जय निशांत भैयाजी एवं संदीप जैन शास्त्री के निर्देशन में प्रातःकाल से ही धार्मिक अनुष्ठानों की पावन श्रृंखला प्रारंभ हो गई। सर्वप्रथम पात्रों द्वारा अष्टद्रव्यों से जिनाभिषेक,नित्यार्चना एवं प्रभु के ज्ञानकल्याणक की समस्त मांगलिक क्रियाएं विधि-विधान के साथ संपन्न की गईं।इस अवसर पर सौभाग्य शाली श्रद्धालुओं ने उपाध्यायश्री के चरणों का प्रक्षालन कर शास्त्र भेंट किए तथा मंगल आशीर्वाद प्राप्त किया।

प्रभु को इक्षुरस से प्रथम आहार अर्पित किया

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण वह पावन क्षण रहा जब राजा श्रेयांश एवं सोम के रूप में सुसज्जित पात्रों द्वारा महामुनिराज को इक्षुरस से प्रथम आहार अर्पित किया गया। इसके उपरांत उपस्थित श्रद्धालुओं ने पारंपरिक नवधाभक्ति पूर्वक आहारदान कर धर्मलाभ अर्जित किया।महोत्सव के दौरान भव्य समवशरण की आकर्षक रचना की गई, जहां उपाध्यायश्री विहसंतसागर जी महाराज ने अपनी दिव्य देशना के माध्यम से धर्म, अहिंसा एवं आत्म कल्याण का संदेश दिया। उनके मंगल प्रवचन से पूरा वातावरण आध्यात्मिक भावनाओं से ओत-प्रोत हो उठा। संध्या समय 1008 दीपकों से प्रभु की संगीतमय मंगल आरती की गई। जिससे संपूर्ण परिसर अलौकिक आभा से आलोकित हो उठा।

जैन भजनों की मनमोहक प्रस्तुति

रात्रि 8 बजे भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन हुआ, जिसमें इंदौर के सुप्रसिद्ध गायक रूपेश जैन ने अपने लाइव कॉन्सर्ट के माध्यम से जैन भजनों की मनमोहक प्रस्तुति देकर सभी को भावविभोर कर दिया। साथ ही शांतिनाथ महिला मंडल एवं समस्त महिला मंडलों द्वारा भव्य मंगलाचरण एवं आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई,जिसने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।इस अवसर पर बाहर से पधारे सभी अतिथियों का आयोजन समिति द्वारा प्रतीक चिन्ह भेंट कर,माला एवं दुपट्टा पहनाकर भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया।कार्यक्रम का संचालन मनोज जैन बाकलीवाल एवं उमेश जैन ने किया।

यह समाज जन रहे उपस्थित

इस अवसर पर प्रदीप जैन पीएनसी, निर्मल मोठया,रोहित जैन अहिंसा, नीरज जैन जिनवाणी चैनल,हीरालाल बैनाड़ा,पन्नालाल बैनाड़ा,रजत जैन, पंकज जैन,पारस जैन कंसल,राजीव बैंक,अनंत कुमार जैन सुमेर जैन पांड्या,नरेंद्र जैन, मनोज जैन बल्लो, पारसमल जैन,शैलेन्द्र जैन,प्रवीन जैन,दीपक जैन,विशाल जैन,कमल जैन,अंकेश जैन,विष्णुभगवान जैन, उषा मारसंस, वंदना जैन,खुशबू जैन,बबिता जैन,स्नेहलता जैन सहित समाज के अनेक गणमान्य सदस्य एवं पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे एवं सभी ने धर्मलाभ प्राप्त किया।

आप को यह कंटेंट कैसा लगा अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
+1
0
+1
0
+1
0
Shree Phal News

About the author

Shree Phal News

Add Comment

Click here to post a comment

You cannot copy content of this page