मुरैना स्थित श्री विद्यासागर सर्वोदय पाठशाला का निरीक्षण भारतवर्षीय परीक्षा बोर्ड के प्रभारी विद्वत् प्रदीप जैन शास्त्री ने किया। विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उन्होंने जैन संस्कृति, स्वाध्याय एवं संस्कारयुक्त शिक्षा के महत्व पर बल दिया। पढ़िए श्रीफल साथी मनोज जैन नायक की यह रिपोर्ट।
मुरैना (मनोज जैन नायक)। श्री विद्यासागर सर्वोदय पाठशाला, मुरैना का निरीक्षण भारतवर्षीय परीक्षा बोर्ड के प्रभारी विद्वत् श्री प्रदीप जैन शास्त्री ने किया। इस अवसर पर उन्होंने पाठशाला की शैक्षणिक, धार्मिक एवं संस्कारमूलक गतिविधियों का अवलोकन करते हुए विद्यार्थियों एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में जीवाजीगंज चैत्यालय, श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन पंचायती बड़ा मंदिर तथा जैन बगीची की पाठशालाओं के विद्यार्थियों ने भक्ति, संस्कृति और नैतिक मूल्यों पर आधारित मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ देकर उपस्थित जनसमूह का हृदय जीत लिया।
इस अवसर पर मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने विद्वत् प्रदीप जैन शास्त्री का शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया। पाठशाला के संचालक संजय जैन (नगर पालिका) ने आयोजन की व्यवस्थाओं का सफल संचालन किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में पाठशाला की दीदियों एवं समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं का उल्लेखनीय योगदान रहा।
अपने प्रेरक उद्बोधन में विद्वत् श्री प्रदीप जैन शास्त्री ने कहा कि संस्कारयुक्त पाठशालाएँ समाज की भावी पीढ़ी के चरित्र निर्माण की सशक्त आधारशिला हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित स्वाध्याय, नैतिक मूल्यों के पालन तथा जैन संस्कृति के संरक्षण एवं प्रचार-प्रसार में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में समाज के सहयोगियों, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं उपस्थित श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया।













Add Comment