जैन समाज के युवाओं को रोजगार और करियर के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से टैलेंट ब्रिज प्रॉस्पेरिटी फाउंडेशन द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। मुरैना /अहमदाबाद से मनोज जैन नायक की रिपोर्ट…
मुरैना/अहमदाबाद। जैन समाज के युवाओं को रोजगार और करियर के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से टैलेंट ब्रिज प्रॉस्पेरिटी फाउंडेशन द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। जैन उद्योगपतियों और जैन समाज के युवाओं की संयुक्त भागीदारी से इस पहल के माध्यम से अब तक 1200 से अधिक युवाओं को विभिन्न क्षेत्रों में सफलतापूर्वक रोजगार प्राप्त हुआ है, जो पूरे समाज के लिए गर्व की बात है। समाज के युवाओं और उद्योगपतियों के बीच मजबूत संबंध स्थापित करने के लिए “ जैन टैलेंट ब्रिज” नामक मोबाइल एप्लिकेशन विकसित की गई है। इस एप्लिकेशन के माध्यम से जैन समाज के युवा, फ्रीलांसर और कंपनियों को एक ही प्लेटफॉर्म पर जोड़ने का प्रयास किया गया है, ताकि प्रतिभाशाली युवाओं को उपयुक्त अवसर मिल सकें और उद्योगों को योग्य कर्मचारी प्राप्त हो सकें।
70 हजार से ज़्यादा लोग जुड़े
अभी तक 70 हजार से ज़्यादा लोग जुड़ गए हैं। उसमे से टैलेंट ब्रिज एप्लिकेशन को अब तक 30 हजार से अधिक लोगों द्वारा डाउनलोड किया जा चुका है और यह वर्तमान में iOS (Apple App Store) तथा Google Play Store पर उपलब्ध हैऔर बाक़ी के लोग व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े हुए है। इस मोबाइल एप्लिकेशन में हिंदी, गुजराती और अंग्रेज़ी भाषाओं की सुविधा उपलब्ध है। इसमें Job Seeker, Company और Freelancer (तीनों) अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। युवा अपनी योग्यता, अनुभव और करियर के अनुसार प्रोफाइल बना सकते हैं, जबकि कंपनियां अपनी आवश्यकताओं के अनुसार उपयुक्त उम्मीदवारों की खोज कर सकती हैं।
समाज के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना उद्देश्य
टैलेंट ब्रिज एप्लिकेशन के माध्यम से बड़ी संख्या में युवाओं और नियोक्ताओं ने पंजीकरण कराया है। इस प्लेटफॉर्म ने अनेक युवाओं को अपने करियर की नई शुरुआत करने का अवसर प्रदान किया है तथा विभिन्न व्यावसायिक संस्थानों को योग्य प्रतिभाएं उपलब्ध कराई हैं। फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने बताया कि टैलेंट ब्रिज का मुख्य उद्देश्य केवल रोजगार उपलब्ध कराना नहीं है, बल्कि समाज के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना और उनकी प्रतिभा को उचित मंच तक पहुंचाना भी है। जैन उद्योगपतियों और उद्यमशील युवाओं की संयुक्त भागीदारी से यह पहल समाज में सकारात्मक परिवर्तन ला सकती है।
अन्य शहरों में भी करने की योजना
आगामी समय में टैलेंट ब्रिज प्रॉस्पेरिटी फाउंडेशन इस प्लेटफॉर्म का विस्तार गुजरात के साथ-साथ देश के अन्य शहरों में भी करने की योजना बना रहा है, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध हो सकें।













Add Comment