लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और हीटवेब के बीच अब जैन श्रमणों ( साधु-साध्वियों ) की सुरक्षा को लेकर प्रशासन सक्रिय हो गया है। समाज श्रेष्ठियों से अपील की है कि वे श्रमणों से अत्यधिक गर्मी के समय दोपहर में बाहर नहीं निकलने के बारे निवेदन करें। केवल सुबह के समय ही पैदल विहार करें। बामनवास से पढ़िए जिनेंद्र जैन की, यह खबर…
बामनवास। लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और हीटवेब के बीच अब जैन श्रमणों (साधु-साध्वियों ) की सुरक्षा को लेकर प्रशासन सक्रिय हो गया है। त्याग,तप और पदयात्रा की कठिन परंपरा को निभाने वाले श्रमणों के स्वास्थ्य एवं उनकी सुरक्षा और सुरक्षित विहार को लेकर अल्पसंख्यक मामलात विभाग ने अल्पसंख्यक वर्ग के जैन समुदाय के विभिन्न संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, युवा मंडलों और समुदाय के समाज श्रेष्ठियों व युवा वर्ग से विशेष सहयोग प्रदान करने की अपील की है। जैन श्रमणों साधु-साध्वियों की पद विहार, प्रवास और चातुर्मास के समय ठहरने के दौरान हीट वेब से सुरक्षा के लिए अल्पसंख्यक मामलात विभाग के जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी मनोजकुमार मीणा ने अल्पसंख्यक वर्ग के जैन समुदाय के संगठन, मंदिर समितियों और समाज श्रेष्ठियों से आग्रह किया कि वे श्रमणों (साधु-साध्वियों) के स्वास्थ्य की देखभाल को प्राथमिकता प्रदान करे। मीणा ने बताया कि श्रमणों का नंगे पैर पद विहार, प्रवास और आगामी चातुर्मास के दौरान ठहराव पूरी सतर्कता और आवश्यक व्यवस्थाओं के साथ होना चाहिए। जिससे श्रमणों को लू और हीटवेब से किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। कार्यक्रम अधिकारी भावना शर्मा ने बताया कि विभाग की ओर से जारी की गई अपील में प्रमुख रूप से जैन समुदाय के सभी संगठनों, युवा वर्ग तथा समाज श्रेष्ठियों से अपील की है कि वे श्रमणों से अत्यधिक गर्मी के समय दोपहर में बाहर नहीं निकलने के बारे निवेदन करें। केवल सुबह के समय ही पैदल विहार करें। अत्यन्त आवश्यक परिस्थितियों में ही शाम के समय पैदल पद विहार करें।
पुलिस, प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग करेंगे आवश्यक इंतजाम
पद विहार के समय श्रमणों के लिए कमण्डल में समुचित मात्रा में जल, प्राथमिक उपचार सामग्री, छाया और स्वास्थ्य सम्बन्धी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया। प्रशासन ने निर्देश दिए हैं कि यदि किसी क्षेत्र में श्रमणों का पैदल पद विहार या प्रवास प्रस्तावित हो तो उसकी सूचना कम से कम दो दिन ( कार्य दिवस ) पूर्व स्थानीय प्रशासन को उपलब्ध करवाई जाए, ताकि पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और प्रशासनिक अमला समुचित प्रबंधन कर सके।
श्रमणों की चर्या में विघ्न उत्पन्न नहीं हो
इस अवसर पर राजस्थान समग्र जैन युवा परिषद् के अध्यक्ष जिनेंद्र जैन ने बताया अत्यधिक गर्मी एवं हीटवेब से श्रमण सुरक्षा के लिए अल्पसंख्यक मामलात विभाग एवं प्रशासन द्वारा जैन समुदाय के विभिन्न संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, युवा मंडलों और समुदाय के समाज श्रेष्ठियों व युवा वर्ग से अपील करना बहुत बड़ी पहल है। इसके लिए अल्पसंख्यक वर्ग का जैन समुदाय अल्पसंख्यक मामलात विभाग और जिला प्रशासन का आभार प्रकट करता है। उन्होंने बताया कि अल्पसंख्यक मामलात विभाग और जिला प्रशासन अधीनस्थ अधिकारियों द्वारा आपके आदेश की अनुपालना करते समय इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए कि श्रमणों की चर्या में किसी प्रकार का विघ्न उत्पन्न नहीं हो।













Add Comment