आगरा में प्रथम बार आचार्य श्री विशुद्ध सागर जी महाराज के सुयोग्य शिष्यों मुनि श्री समत्व सागर जी एवं मुनि श्री शील सागर जी का भव्य मंगल प्रवेश हुआ। विशाल शोभायात्रा, पाद प्रक्षालन एवं धर्मसभा में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। पढ़िए श्रीफल साथी राहुल जैन की यह रिपोर्ट।
आगरा। ताज नगरी आगरा में पहली बार आचार्य श्री 108 विशुद्ध सागर जी महाराज के सुयोग्य शिष्यों का भव्य मंगल प्रवेश श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। राज पैराडाइस, सेवला रोड से विहार कर सदर बाजार जैन मंदिर से प्रारंभ हुई विशाल शोभायात्रा शहज़ादी मंडी, मेहर सिनेमा और आई.जी. ऑफिस मार्ग से होते हुए श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन मंदिर, जैन भवन, निर्मल सेवा सदन, छीपीटोला पहुँची।
भक्ति और उत्साह से सजी शोभायात्रा
शोभायात्रा में सबसे आगे पंचरंगी जैन ध्वजाएं, ढोल-नगाड़े, बैंड, आकर्षक झांकियां एवं मंगल कलश लिए महिलाएं चल रही थीं। भक्ति गीतों की मधुर धुन पर महिलाएं और युवा श्रद्धाभाव से नृत्य करते हुए भगवान एवं गुरु संघ के प्रति अपनी भक्ति प्रकट कर रहे थे।
त्रि-मुनिराजों की भव्य अगवानी
जगत विख्यात “गूगल बाबा” श्रमण मुनि श्री 108 समत्व सागर जी महाराज तथा श्रमण मुनि श्री 108 शील सागर जी महाराज का श्रद्धालुओं ने जगह-जगह 108 पाद प्रक्षालन कर भव्य स्वागत किया। आचार्य श्री विशुद्ध सागर जी महाराज एवं मुनि श्री समत्व सागर जी महाराज की झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहीं।
धर्मसभा में मिला प्रेरणादायी संदेश
तीनों मुनिराजों के मंच पर विराजमान होते ही पूरा पंडाल जयघोष से गूंज उठा। मंगलाचरण, दीप प्रज्ज्वलन, पाद प्रक्षालन एवं शास्त्र भेंट जैसे मांगलिक कार्यक्रम संपन्न हुए। मंच संचालन विजय शास्त्री जी ने किया।
धर्म पुरुषार्थ का महत्व बताया
मुनि श्री 108 समत्व सागर जी महाराज ने अपने प्रवचन में कहा कि संसार के अधिकांश लोग सुख की खोज में पुरुषार्थ करते हैं, लेकिन वास्तविक सुख धर्म पुरुषार्थ में है। उन्होंने कहा कि जीवन का प्रत्येक क्षण आत्मकल्याण, संयम और धर्म साधना में लगाना चाहिए, क्योंकि अनंत पुरुषार्थ करने के बाद भी जीव तब तक सुखी नहीं हो सकता, जब तक वह धर्ममार्ग को नहीं अपनाता।
बड़ी संख्या में समाजजन रहे उपस्थित
कार्यक्रम में श्रुत मंथन वर्षायोग समिति के मनोज जैन, मुरारी लाल जैन, अनिल जैन, जगदीश प्रसाद, राकेश जैन, नीरज जैन जिनवाणी, अमित जैन (बाबी), आशीष जैन, रमेश जैन, मुकेश जैन, सतेंद्र जैन, राजीव जैन, आशीष जैन (बाबा), चक्रेश जैन, रोहित जैन, अनिकेत जैन, आदिश जैन, गौरव जैन, सचिन जैन, मीडिया प्रभारी राहुल जैन सहित नमोस्तु शासन संघ, विभिन्न मंडलों, महिला मंडल एवं सकल जैन समाज की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
धर्ममय वातावरण बना प्रेरणा का केंद्र
पूरे आयोजन के दौरान आगरा धर्म, भक्ति और गुरु वंदना के रंग में रंगा दिखाई दिया। श्रद्धालुओं ने इसे ऐतिहासिक एवं अविस्मरणीय अवसर बताते हुए गुरु संघ के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।













Add Comment