समाचार

पावागिरी सिद्ध क्षेत्र में सोमवार से पंच कल्याणक महोत्सव का शुभारंभ होगा : आचार्य विशुद्ध सागर जी महाराज ससंघ की होगी मंगल अगवानी


पावागिरी सिद्ध क्षेत्र में सोमवार से पंच कल्याणक महोत्सव का शुभारंभ होने जा रहा है। आचार्य विशुद्ध सागर जी महाराज ससंघ की सुबह 7.30 बजे होने वाली मंगल अगवानी में श्रद्धालु साक्षी बनेंगे। विविध कार्यक्रम और विधान होंगे। मुनि श्री विश्वनायक सागर जी महाराज का केशलोच रविवार सुबह हुआ। ऊन से पढ़िए दीपक प्रधान की खबर..


ऊन (खरगोन)। पावागिरी सिद्ध क्षेत्र में सोमवार से पंच कल्याणक महोत्सव का शुभारंभ होने जा रहा है। आचार्य विशुद्ध सागर जी महाराज ससंघ की सुबह 7.30 बजे होने वाली मंगल अगवानी में निमाड़-मालवा के अलावा बड़ी संख्या में देश भर के श्रद्धालु साक्षी बनेंगे। मंगल अगवानी में पंजाब एवं बड़वाह के बैंड भजनों की प्रस्तुति देंगे। साथ ही घटयात्रा में महिलाएं कलश में जल लेकर चलेंगी। इसी घटयात्रा के जल से वेदी शुद्धि, मंदिर शुद्धि, शिखर शुद्धि होगी। प्रचार मंत्री आशीष जैन लोनारा, अतुल कासलीवाल ने बताया कि ध्वजारोहण भरत रितु जैन ( जीरभार वाले) इंदौर करेंगे। जबकि मंडप उदघाटन क्षेत्र के अध्यक्ष हेमचंद मीना झंझरी इंदौर करेंगे। प्रतिष्ठाचार्य धर्मचंद जी शास्त्री अष्टापद नई दिल्ली के निर्देशन में महोत्सव पंडाल में भगवान विराजमान, मंगल कलश स्थापना होगी। दोपहर में सकलीकरण इंद्र प्रतिष्ठा मंडप प्रतिष्ठा विधान एवं आचार्य श्री के प्रवचन होंगे। शाम को आरती शास्त्र प्रवचन के बाद निमाड़ महिला मंडल की सांस्कृतिक प्रस्तुति प्रस्तुत की जाएगी।

मुनि श्री के केशलोच हुआ

जैन संत 24 घंटे में एक बार आहार पानी तो लेते ही हैं साथ ही सबसे कठिन क्रिया उनके केशलोच की होती है। वे अपने हाथों से दाढ़ी एवं सिर के बालों को निकालते हैं। इसी क्रिया को केशलोच कहते हैं। संघ के मुनि श्री विश्वनायक सागर जी महाराज का केशलोच रविवार को प्रातः काल की बेला में हुआ। जिस दिन साधु केशलोच करते हैं। उस दिन उपवास रखना होता है।

आचार्य भरत सागरजी का अवतरण दिवस मनाया

प्रतिष्ठाचार्य धर्मचंद शास्त्री के सानिध्य में पंचकल्याणक के पूर्व की क्रियाओं के अंतर्गत महोत्सव के मुख्य इंद्र के द्वारा समस्त क्रियाएं विधि विधान से संपन्न हुई। रविवार को आचार्य विमल सागर जी का अवतरण दिवस भी था। संघ के सानिध्य में दोपहर को उनकी गुणानुवाद सभा एवं पूजन संपन्न हुए।

आचार्य श्री को आहार कराने का सौभाग्य 

आचार्य विशुद्ध सागर जी महाराज ससंघ की रविवार की आहार चर्या भगवानपुरा विधायक केदार डाबर के ग्राम सांगवी में हुई। आहार चर्या विधायक के घर के प्रांगण में हुई। इस मौके पर विधायक भी आचार्य श्री का आशीर्वाद लेने के लिए सांगवी पहुंचे थे। आचार्य श्री की आहार चर्या कराने का सौभाग्य खरगोन के चौके वालों को मिला। ऊन पंच कल्याणक के बाद खरगोन में आचार्य श्री के सानिध्य में ही वेदी प्रतिष्ठा महोत्सव 14 से 16 अप्रैल तक होने वाली है।

यह समाजजन मौजूद रहे

खरगोन के नरेंद्र जैन, सोहिल जैन, सुनीता जैन, रीना जैन, अर्चना जैन, ललिता गोधा, उषा जैन, इंद्रा छाबड़ा, महिला मंडल आदि उपस्थित थे। आचार्य श्री ससंघ का रात्रि विश्राम पनवाडा में होगा। सुबह ऊन में मंगल प्रवेश होगा। पावागिरी सिद्ध क्षेत्र को तोरणद्वारों से सजावट की जा रही जन-जन में बहुत ही उत्साह है। हजारों भक्त मुनि संघ की अगवानी करेंगे।

आप को यह कंटेंट कैसा लगा अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
+1
0
+1
0
+1
0
Shreephal Jain News

About the author

Shreephal Jain News

Add Comment

Click here to post a comment

You cannot copy content of this page