समाचार

मुनि श्री सारस्वत सागर जी महाराज का 28वां अवतरण दिवस 1 जुलाई को हेरले में मनाया जाएगा : भक्तिभाव से होंगे विविध धार्मिक आयोजन


पट्टाचार्य विशुद्धसागर जी महाराज के शिष्य मुनि श्री सारस्वत सागर जी महाराज का 28वां अवतरण दिवस 1 जुलाई को हेरले में श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ मनाया जाएगा। कार्यक्रम में समाजजन बड़ी संख्या में सहभागी होंगे। पढ़िए श्रीफल साथी अभिषेक अशोक पाटील की यह रिपोर्ट।


हेरले। पट्टाचार्य विशुद्धसागर जी महाराज के शिष्य मुनि श्री 108 सारस्वत सागर जी महाराज, मुनि श्री जयंत सागर जी महाराज एवं मुनि श्री सिद्धसागर जी महाराज उपसंघ इन दिनों हेरले में विराजमान हैं। मुनि श्री सारस्वत सागर जी महाराज के 28वें अवतरण दिवस के उपलक्ष्य में 1 जुलाई 2026 को हेरले में भव्य धार्मिक आयोजन किया जाएगा।

भक्तिभाव से मनाया जाएगा अवतरण दिवस

श्री 1008 चंद्रप्रभू दिगंबर जैन मंदिर, हेरले एवं श्री 1008 मुनीसुव्रतनाथ दिगंबर जैन मंदिर, आदिनाथ नगर, हेरले के अध्यक्ष श्री सुरेश चौगुले ने बताया कि मुनि श्री सारस्वत सागर जी महाराज का 28वां अवतरण दिवस अनु-शाम मंगल कार्यालय, हेरले में श्रद्धा, भक्ति एवं धार्मिक उल्लास के साथ मनाया जाएगा।

वैराग्य से दीक्षा तक का प्रेरक सफर

मुनि श्री सारस्वत सागर जी महाराज का जन्म 1 जुलाई 1998 को मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ जिले के ग्राम मजना में श्रावक श्री विनयकुमार जैन एवं श्रीमती सुनीता जैन के यहां हुआ। बाल्यकाल से ही साधु सेवा, स्वाध्याय एवं धार्मिक संस्कारों के कारण उनके जीवन में वैराग्य का भाव जागृत हुआ। 6 अक्टूबर 2017 को इंदौर में आचार्य श्री विशुद्ध सागर जी महाराज से विशाल जनसमूह की उपस्थिति में उन्होंने सीधे मुनि दीक्षा ग्रहण की और उनका नाम मुनि श्री सारस्वत सागर जी रखा गया।

विभिन्न राज्यों में हुए चातुर्मास

मुनि श्री सारस्वत सागर जी महाराज का वर्षायोग एवं चातुर्मास वर्ष 2018 में औरंगाबाद (महाराष्ट्र), 2019 में भिंड (मध्यप्रदेश), 2020 में वैशाली बसकुंड (बिहार), 2021 में सम्मेद शिखरजी (झारखंड), 2022 में रायपुर (छत्तीसगढ़), 2023 में बड़ौत (उत्तर प्रदेश), 2024 में सोलापुर (महाराष्ट्र) तथा 2025 में नांद्रे (महाराष्ट्र) में संपन्न हुआ। वर्ष 2026 का चातुर्मास जयसिंगपुर (महाराष्ट्र) में संपन्न होगा।

समाज की ओर से व्यापक तैयारियां

श्री 1008 चंद्रप्रभू दिगंबर जैन मंदिर, श्री 1008 मुनीसुव्रतनाथ दिगंबर जैन मंदिर, समस्त दिगंबर जैन समाज हेरले, वीर सेवा दल हेरले एवं वीर महिला मंडल हेरले द्वारा अवतरण दिवस समारोह की तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

श्रद्धालुओं ने अर्पित की मंगल भावनाएं

अखिल भारतवर्षीय दिगंबर जैन युवा परिषद, कोल्हापुर के कार्याध्यक्ष श्री अभिषेक अशोक पाटील ने मुनि श्री सारस्वत सागर जी महाराज के 28वें अवतरण दिवस पर बारंबार नमोस्तु अर्पित करते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घ संयम जीवन एवं धर्मप्रभावना की मंगल कामना की।

आप को यह कंटेंट कैसा लगा अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
+1
0
+1
0
+1
0
Shree Phal News

About the author

Shree Phal News

Add Comment

Click here to post a comment

You cannot copy content of this page