समाचार

गोयल नगर जैन मंदिर में मानस्तंभ निर्माण का भूमि पूजन सम्पन्न : 20 जुलाई को आचार्य श्री सुनील सागर महाराज के सान्निध्य में होगा शिलान्यास


इंदौर के गोयल नगर दिगंबर जैन मंदिर में मानस्तंभ निर्माण हेतु भूमि शुद्धि एवं भूमि पूजन सम्पन्न हुआ। 20 जुलाई को आचार्य श्री सुनील सागर महाराज के सान्निध्य में मानस्तंभ का शिलान्यास होगा। पढ़िए संपादक श्रुतसाधिका रेखा संजय जैन की यह रिपोर्ट।


इंदौर। परम पूज्य आचार्य श्री सुनील सागर महाराज के पावन सान्निध्य में गोयल नगर दिगंबर जैन मंदिर में प्रस्तावित मानस्तंभ निर्माण के लिए गुरुवार को विधि-विधानपूर्वक भूमि शुद्धि एवं भूमि पूजन सम्पन्न हुआ। धार्मिक वातावरण में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक इस पुण्य अवसर में सहभागिता की।

20 जुलाई को होगा मानस्तंभ का शिलान्यास

समाज अध्यक्ष दिलीप पाटनी ने बताया कि 20 जुलाई 2026 को प्रातः 9:00 बजे आचार्य श्री सुनील सागर महाराज के सान्निध्य में मानस्तंभ का भव्य शिलान्यास किया जाएगा। इस अवसर पर अंतर्मुखी मुनि पूज्य सागर महाराज का भी मार्गदर्शन प्राप्त होगा।

महामस्तकाभिषेक का हुआ आयोजन

भूमि पूजन से पूर्व आचार्य श्री के सान्निध्य में मंदिर के मूलनायक भगवान शांतिनाथ का भव्य महामस्तकाभिषेक श्रद्धा एवं भक्ति के साथ सम्पन्न हुआ। भूमि शुद्धि एवं पूजन की विधि दिलीप–प्रमिला पाटनी, राकेश बज, चंद्रकांत बंडी, हेमंत बंडी, जम्बू बंडी, नरेंद्र रावका, सचिन जैन उद्योगपति, सुशील पतंग्या, सौरभ जैन, पीसी जैन, देवेंद्र सेठी सहित अन्य श्रद्धालुओं ने सम्पन्न कराई।

आचार्य श्री ने दिया प्रेरणादायी संदेश

अपने मंगल प्रवचन में आचार्य श्री सुनील सागर महाराज ने कहा कि “बिना उतार-चढ़ाव के विकास संभव नहीं है। संघर्ष के साथ जो विकास होता है, वही वास्तविक विकास है।” उन्होंने कहा कि परिवार और समाज में कार्य करते समय आने वाली समस्याओं को समझकर उनका समाधान करना चाहिए। परिस्थितियाँ कैसी भी हों, प्रसन्न रहना सीखना चाहिए, क्योंकि अंतर्मन के विकारों का शोधन ही आत्मा के विकास का आधार है।

योग, ध्यान और प्रश्न मंच का आयोजन

धार्मिक कार्यक्रमों के अंतर्गत प्रातःकाल योग एवं ध्यान का आयोजन हुआ, जबकि सायंकाल आरती एवं प्रश्न मंच के माध्यम से श्रद्धालुओं ने आध्यात्मिक मार्गदर्शन प्राप्त किया।

आप को यह कंटेंट कैसा लगा अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
+1
1
+1
0
+1
0
Shree Phal News

You cannot copy content of this page