समाचार

गायत्री नगर में "मेरा काम – मेरी पहचान" विशेष प्रदर्शनी का आयोजन : महिला सशक्तिकरण और स्वरोजगार को मिलेगा नया मंच


जयपुर के गायत्री नगर स्थित आदिनाथ भवन में 3 एवं 4 जुलाई को “मेरा काम – मेरी पहचान” विशेष प्रदर्शनी आयोजित होगी। इसमें महिलाओं द्वारा निर्मित विभिन्न उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे। पढ़िए श्रीफल साथी उदयभान जैन की यह रिपोर्ट।


जयपुर। मुनिसंघ वैय्या वृत्ति महिला समूह, महारानी फार्म, जयपुर द्वारा महिला सशक्तिकरण एवं स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से “मेरा काम – मेरी पहचान” विशेष प्रदर्शनी का आयोजन 3 एवं 4 जुलाई 2026 को आदिनाथ भवन, गायत्री नगर-ए स्थित श्री दिगम्बर जैन मंदिर परिसर में किया जाएगा। प्रदर्शनी प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से रात्रि 8 बजे तक आमजन के लिए खुली रहेगी।

3 जुलाई को होगा उद्घाटन

प्रदर्शनी का उद्घाटन 3 जुलाई को प्रातः 10 बजे होगा। कार्यक्रम में सांसद मंजू शर्मा मुख्य अतिथि रहेंगी। विशिष्ट अतिथि के रूप में दीपा नाथावत एवं एकता अग्रवाल उपस्थित रहेंगी, जबकि श्रेष्ठी अनिल कुमार एवं अमिता गोधा उद्घाटनकर्ता के रूप में कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे।

महिलाओं के हुनर को मिलेगा मंच

कार्यक्रम की मुख्य संयोजिका प्रमिला शाह ने बताया कि प्रदर्शनी में महिलाओं द्वारा तैयार राखियां, साड़ियां, सलवार सूट, बेडशीट, बच्चों के वस्त्र, खिलौने, ज्वैलरी, होम डेकोर सामग्री, घर में बने शुद्ध मसाले, खाद्य सामग्री तथा इत्र नगरी कन्नौज के शुद्ध गुलाब जल, गुलकंद एवं परफ्यूम सहित अनेक उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे।

पोस्टर का हुआ विमोचन

युवा परिषद् के राष्ट्रीय महामंत्री उदयभान जैन ने बताया कि प्रदर्शनी के पोस्टर का विमोचन परम पूज्य गणिनी आर्यिका विभा श्री माताजी के सानिध्य में आयोजित धर्मसभा में किया गया। इस अवसर पर महिला समूह की पदाधिकारियों ने पूज्य माताजी से कार्यक्रम की सफलता के लिए आशीर्वाद प्राप्त किया।

अधिकाधिक सहभागिता का आह्वान

मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष अरुण शाह ने समाज के सभी लोगों से अधिक से अधिक संख्या में प्रदर्शनी में पहुंचकर महिलाओं का उत्साहवर्धन करने और उनके स्वरोजगार प्रयासों को प्रोत्साहित करने का आग्रह किया।

महिला आत्मनिर्भरता की प्रेरक पहल

“मेरा काम – मेरी पहचान” प्रदर्शनी महिलाओं की प्रतिभा, आत्मनिर्भरता और उद्यमिता को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। आयोजकों ने समाज के सभी वर्गों से प्रदर्शनी का अवलोकन कर महिला उद्यमियों का मनोबल बढ़ाने की अपील की।

आप को यह कंटेंट कैसा लगा अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
+1
0
+1
0
+1
0
Shree Phal News

You cannot copy content of this page