समाचार

महासभा द्वारा मेधावी छात्र-छात्राओं का प्रतिभा सम्मान समारोह : 28 जून को होगा भव्य आयोजन


श्री भारतवर्षीय दिगंबर जैन (धर्म संरक्षिणी) महासभा भिंड द्वारा 28 जून को मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम स्वर्गीय धर्मचंद जैन की पुण्य स्मृति में होगा। पढ़िए श्रीफल साथी सोनल जैन की यह रिपोर्ट।


भिंड। श्री भारतवर्षीय दिगंबर जैन (धर्म संरक्षिणी) महासभा भिंड द्वारा मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान में 28 जून, रविवार को प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम श्री महावीर कीर्ति स्तंभ परिसर में शाम 7:00 बजे से आयोजित होगा।

धर्मचंद जैन की पुण्य स्मृति में आयोजन

यह सम्मान समारोह हजारों विद्यार्थियों के प्रेरणास्रोत, जैन समाज की धरोहर, सुप्रसिद्ध समाजसेवी, मार्गदर्शक तथा अनेक सामाजिक संगठनों के पूर्व अध्यक्ष एवं संरक्षक स्वर्गीय श्री धर्मचंद जी जैन, पूर्व प्राचार्य जैन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भिंड की पावन पुण्य स्मृति को समर्पित रहेगा।

मेधावी विद्यार्थियों का होगा सम्मान

समारोह में सत्र 2025-26 की कक्षा 10वीं एवं 12वीं की एमपी बोर्ड तथा सीबीएसई बोर्ड परीक्षाओं में 80 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा।

अन्य क्षेत्रों की प्रतिभाओं को भी मिलेगा सम्मान

महासभा ने बताया कि शिक्षा के साथ-साथ खेल, संस्कृति, सामाजिक सेवा अथवा अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल कर जैन समाज का नाम गौरवान्वित करने वाली प्रतिभाओं का भी समारोह में सम्मान किया जाएगा।

प्रतिभाओं को मिलेगा प्रेरणा मंच

आयोजकों का उद्देश्य समाज की उभरती प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना, शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करना तथा युवा पीढ़ी को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना है। कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठजन, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में समाजबंधुओं की उपस्थिति रहेगी।

महासभा ने किया आमंत्रित

श्री भारतवर्षीय दिगंबर जैन (धर्म संरक्षिणी) महासभा भिंड ने सभी समाजजनों से समारोह में उपस्थित होकर प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करने तथा कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की।

आप को यह कंटेंट कैसा लगा अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
+1
0
+1
0
+1
0
Shree Phal News

You cannot copy content of this page