कामवन स्थित श्री 1008 शांतिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर में 21वें तीर्थंकर भगवान श्री 1008 नमिनाथ के जन्म एवं तप कल्याणक महोत्सव का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ किया गया। श्रद्धालुओं ने पालना झुलाकर पुण्य लाभ अर्जित किया। पढ़िए श्रीफल साथी उदयभान जैन की यह रिपोर्ट।
कामां। श्री 1008 शांतिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर, कामवन में ज्ञान विजया महिला मंडल के तत्वावधान में 21वें तीर्थंकर भगवान श्री 1008 नमिनाथ के जन्म एवं तप कल्याणक महोत्सव का आयोजन श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम 10 जुलाई की रात्रि 8 बजे भक्ति एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ आयोजित किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
महिला मंडल की मंत्री शोभा बड़जात्या ने बताया कि इस अवसर पर भगवान नमिनाथ के जन्मोत्सव का मनोहारी मंचन किया गया। मिथिलापुरी के राजा विजय एवं रानी सुभद्रा का पात्र जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया। रानी सुभद्रा की भूमिका में अनिता बड़जात्या (जयपुर) ने भक्ति नृत्य प्रस्तुत करते हुए बालक नमि कुमार को पालने में झुलाया।
श्रद्धालुओं ने झुलाया पालना
महिला मंडल की अध्यक्ष इन्द्रा बड़जात्या के कुशल नेतृत्व में उपस्थित महिलाओं ने मंगल बधाई गीत गाकर भगवान के जन्मोत्सव को उल्लासपूर्वक मनाया। सभी श्रद्धालुओं ने भगवान नमिनाथ के पालने को झुलाकर धर्मलाभ प्राप्त किया।
राष्ट्रीय महामंत्री ने भी लिया धर्मलाभ
अखिल भारतवर्षीय दिगम्बर जैन युवा परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री उदयभान जैन (जयपुर) ने भी माता सुभद्रा के साथ बालक नमि कुमार का श्रद्धापूर्वक पालना झुलाकर भक्ति भाव प्रकट किया।
आभार व्यक्त
कार्यक्रम के समापन पर महिला मंडल की अध्यक्ष इन्द्रा बड़जात्या ने सभी उपस्थित श्रद्धालुओं, अतिथियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।













Add Comment