इंदौर के ऐतिहासिक समवशरण दिगम्बर जैन मंदिर में तुकोगंज दिगम्बर जैन समाज के चुनाव सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुए। सर्वसम्मति से हसमुख जैन गांधी गौरव एवं सुमत जैन लुहाड़िया को अध्यक्ष मनोनीत किया गया। पढ़िए इंदौर से यह खबर
इन्दौर। सुप्रसिद्ध एवं ऐतिहासिक समवशरण दिगम्बर जैन मंदिर अंतर्गत तुकोगंज दिगम्बर जैन समाज के चुनाव अत्यंत सौहार्दपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुए। वर्तमान अध्यक्ष श्रीमती रानी अशोक दोषी के प्रस्ताव पर सर्वानुमति से हसमुख जैन गांधी गौरव एवं सुमत जैन लुहाड़िया को अध्यक्ष मनोनीत किया गया।
समाज की एकता पर दिया गया जोर
वार्षिक साधारण सभा में समाजजन, ट्रस्टीगण एवं पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभा में समाज की एकता, संगठन, धार्मिक संस्कारों एवं सामाजिक गतिविधियों को और अधिक मजबूत बनाने पर विशेष चर्चा की गई। नवमनोनीत पदाधिकारियों का समाजजनों ने आत्मीय स्वागत करते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
आध्यात्मिक साधना का प्रमुख केंद्र
समवशरण दिगम्बर जैन मंदिर केवल आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि साधना, त्याग एवं आध्यात्मिक चेतना का महत्वपूर्ण स्थल भी माना जाता है। मंदिर परिसर में स्थित प्राचीन श्राविकाश्रम में लगभग 60 ब्रह्मचारी बहनें निरंतर साधना, स्वाध्याय एवं आराधना में लीन रहती हैं।
विश्व की सबसे बड़ी स्फटिक प्रतिमा आकर्षण का केंद्र
मंदिर में विश्व की सबसे बड़ी स्फटिक निर्मित भगवान शांतिनाथ की भव्य प्रतिमा विराजमान है, जिसके दर्शन के लिए देशभर से श्रद्धालु पहुंचते हैं। यह स्थान पंडित रतनलाल जी शास्त्री की साधना स्थली के रूप में भी विशेष पहचान रखता है।
धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों का विस्तार
मंदिर ट्रस्ट की अध्यक्ष श्रीमती पुष्पा प्रदीप कुमार सिंह कासलीवाल के मार्गदर्शन में मंदिर की धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियां लगातार विस्तार प्राप्त कर रही हैं। सभा के अंत में समाज की निरंतर प्रगति, धार्मिक चेतना एवं संगठनात्मक मजबूती के लिए सामूहिक संकल्प लिया गया।













Add Comment