समाचार

गुरु उपकार कभी भुलाया नहीं जा सकता : मुनि विशद सागर महाराज


ललितपुर में मुनि श्री विशद सागर महाराज एवं मुनि श्री शिवसागर महाराज ससंघ का भव्य नगर प्रवेश हुआ। श्रद्धालुओं ने शोभायात्रा, गुरु पूजन एवं धर्मसभा के माध्यम से गुरु भक्ति प्रकट की तथा चातुर्मास के लिए श्रीफल अर्पित किया। पढ़िए श्रीफल साथी अक्षय अलया की यह रिपोर्ट।


ललितपुर। संत शिरोमणि आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज के प्रभावक शिष्य मुनि श्री 108 विशद सागर महाराज एवं मुनि श्री 108 शिवसागर महाराज ससंघ का बुधवार को ललितपुर में भव्य मंगल प्रवेश हुआ। नगर सीमा से लेकर जैन अटामंदिर तक श्रद्धालुओं ने जयघोष, मंगल कलश एवं शोभायात्रा के साथ गुरुसंघ का स्वागत किया। जैन पंचायत ने चातुर्मास के लिए श्रीफल अर्पित कर विनयपूर्वक निवेदन किया।

भव्य शोभायात्रा से हुआ स्वागत

के.पी.एस. डिग्री कॉलेज ककरूआ से पदविहार प्रारंभ कर मुनिसंघ ललितपुर पहुँचा। रेलवे स्टेशन क्षेत्र से लेकर अभिनंदनोदय तीर्थ एवं जैन अटामंदिर तक श्रद्धालुओं की विशाल शोभायात्रा निकली। महिलाओं ने मंगल कलश धारण किए, जबकि विभिन्न व्यायामशालाओं एवं बालक मंडल के स्वयंसेवकों ने अनुशासित व्यवस्था एवं धर्म प्रभावना में सक्रिय सहभागिता निभाई।

धर्मसभा में गुरु महिमा का संदेश

धर्मसभा को संबोधित करते हुए मुनि श्री विशद सागर महाराज ने कहा कि “धर्म के संस्कार गुरु के माध्यम से ही प्राप्त होते हैं और वही जीवन के उत्थान का मार्ग प्रशस्त करते हैं। गुरु का उपकार कभी भुलाया नहीं जा सकता।” उन्होंने आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि उनके जीवन में जो भी आध्यात्मिक उपलब्धियाँ हैं, वे गुरु कृपा का ही परिणाम हैं।

चातुर्मास का महत्व बताया

मुनिश्री ने कहा कि चातुर्मास श्रावक और साधु दोनों के लिए आत्मकल्याण का श्रेष्ठ अवसर है। इस अवधि में अनुशासन, मर्यादा, स्वाध्याय और धर्म साधना के माध्यम से जीवन को उत्कृष्ट बनाया जा सकता है। उन्होंने निर्यापक मुनि श्री सुधासागर महाराज के धर्म एवं तीर्थ संरक्षण के कार्यों की भी सराहना की।

गुरु पूजन एवं समाज की सहभागिता

धर्मसभा का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं शास्त्र भेंट के साथ हुआ। साधु वैयावृत्ति महिला मंडल के संयोजन में आचार्य श्री की संगीतमय पूजन सम्पन्न हुई। नंदा-सुनंदा महिला मंडल, सुधा कलश मंडल, ब्राह्मी सुंदरी मंडल, एकता संघ महिला मंडल, विद्यापूजन मंडल सहित अनेक महिला मंडलों ने अर्घ्य समर्पित किए।

सामाजिक संदेश एवं संचालन

जैन पंचायत अध्यक्ष डॉ. अक्षय टडैया ने समाजजनों से सोशल मीडिया पर अमर्यादित टिप्पणियों एवं अप्रभावनापूर्ण संदेशों से बचने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन महामंत्री आकाश जैन ने किया। बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी, श्रेष्ठीजन एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

आप को यह कंटेंट कैसा लगा अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
+1
0
+1
0
+1
0
Shree Phal News

About the author

Shree Phal News

Add Comment

Click here to post a comment

You cannot copy content of this page