समाचार

घटयात्रा से होगी पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव की शुरुआत

 

इंदौर (राजेश जैन दद्दू)। विश्व की सबसे बड़ी स्फटिक मणि की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा के लिए छह दिवसीय श्री 1008 नेमिनाथ जिन बिंब पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव 30 नवंबर से 5 दिसंबर तक श्री कृष्ण पब्लिक स्कूल के पीछे महावीर नगर में आयोजित होगा। महोत्सव आचार्यश्री विद्यासागर जी एवं आचार्य श्री विशुद्धसागर जी महाराज के आशीर्वाद एवं श्रुत संवेगी मुनि श्री आदित्य सागर जी, मुनि श्री अप्रमितसागर जी एवं मुनि श्री सहज सागर जी के सानिध्य एवं उदासीन श्राविकाश्रम ट्रस्ट, समवशरण मंदिर ट्रस्ट एवं पंचकल्याणक महोत्सव समिति के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित होगा।

इन 6 दिनों में क्रमशः गर्भ कल्याणक (पूर्वार्ध), गर्भ कल्याणक (उत्तरार्ध), जन्म कल्याणक, तप कल्याणक,ज्ञान कल्याणक एवं मोक्ष कल्याणक उत्सव मनाया जाएगा। महोत्सव के अध्यक्ष हंसमुख गांधी एवं प्रचार संयोजक राजेश जैन दद्दू ने बताया कि महोत्सव की शुरुआत घट यात्रा- मंगल जुलूस के साथ होगी। जुलूस पुलक चेतना मंच के निर्देशन में कनाडिया रोड के नए जैन मंदिर से प्रातः 7:30 बजे निकलकर महोत्सव स्थल महावीर नगर पहुंचेगा।

जुलूस में मुनि संघ, महोत्सव के पात्र सौधर्म इंद्र-इंद्राणी, कुबेर, महायज्ञ नायक, विधि नायक एवं भगवान के माता-पिता सहित सैकड़ों की संख्या में इंद्र-इंद्राणी एवं महिला-पुरुष सम्मिलित होंगे। महिलाएं सिर पर मंगल कलश लिए और पुरुष वर्ग जयकारा लगाते हुए पैदल चलेंगे। कर्नाटक का 20 सदस्यों का चिंडे बैंड भी अपनी प्रस्तुति देगा।

जुलूस के महोत्सव स्थल पहुंचने पर मुख्य अतिथि सुनील मीना जैन ध्वजारोहण एवं वरिष्ठ समाजसेवी सुखदयाल, राजेश जैन (लॉरेल परिवार) मंडप उद्घाटन करेंगे। इसके पश्चात अभिषेक, शांति धारा एवं मुनि श्री के प्रवचन एवं गर्भ कल्याणक के पूर्व की क्रियाएं होंगी। रात्रि में राजदरबार लगेगा और माता के 16 सपनों का प्रदर्शन होगा।

समस्त मांगलिक क्रियाएं पंडित रतन लाल शास्त्री एवं प्रतिष्ठाचार्य पंडित विनोद शास्त्री के निर्देशन में संपन्न होंगी। महोत्सव के लिए 30,000 स्क्वायर फुट का एक भव्य पंडाल बनाया गया है जिसे सुदर्शनीय बनाने में क्षेत्रीय पार्षद राजेश उदावत एवं समवशरण ग्रुप के अजीत जैन, शैलेश जैन, अभय जैन एवं सीए प्रदीप जैन का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

आप को यह कंटेंट कैसा लगा अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
+1
0
+1
0
+1
0
Shreephal Jain News

About the author

Shreephal Jain News

You cannot copy content of this page