शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर में शुक्रवार को श्री शांतिनाथ भगवान के जन्म, तप एवं मोक्ष कल्याणक महोत्सव का आयोजन अत्यंत श्रद्धा, उल्लास एवं धार्मिक वातावरण के बीच भव्य रूप से संपन्न हुआ।प्रातःकाल से ही मंदिर परिसर श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति से भक्तिमय हो उठा। आगरा से पढिए, शुभम जैन की रिपोर्ट…
आगरा। श्री शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर में शुक्रवार को श्री शांतिनाथ भगवान के जन्म, तप एवं मोक्ष कल्याणक महोत्सव का आयोजन अत्यंत श्रद्धा, उल्लास एवं धार्मिक वातावरण के बीच भव्य रूप से संपन्न हुआ।प्रातःकाल से ही मंदिर परिसर श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति से भक्तिमय हो उठा। संपूर्ण जिनालय भगवान शांतिनाथ के जयघोष, मंगल ध्वनि एवं भक्ति गीतों से गुंजायमान रहा।कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 7 बजे भगवान शांतिनाथ के महामस्तकाभिषेक एवं मंगल शांतिधारा के साथ हुआ। महामस्तकाभिषेक का सौभाग्य दीपक जैन एवं श्रेयांस जैन को प्राप्त हुआ,जबकि शांतिधारा करने का पुण्य राकेश जैन पर्देवाले, अभिषेक जैन, राजीव कुमार, कुशाग्र बैनाडा, नरेंद्र जैन, नीरज जैन, देवांश जैन, कालीचरण विमल, मंजीत जैन एवं राहुल जैन को प्राप्त हुआ। महोत्सव का विशेष आकर्षण 116 किलो का भव्य निर्वाण लाडू रहा। जिसे राकेश जैन, सूर्यांश जैन, अभिषेक जैन, कियांश जैन, मनोज जैन, ऋषभ जैन, रिशांत जैन, अजित जैन, अंकुर बैनाडा एवं जलेसर परिवार द्वारा सामूहिक रूप से श्रद्धा भाव के साथ भगवान के चरणों में समर्पित किया गया।
संगीतमय सामूहिक पूजन से भक्तिमय माहौल
इस अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने भगवान शांतिनाथ के निर्वाण कल्याणक की जय-जयकार करते हुए धर्मलाभ प्राप्त किया।समस्त कार्यक्रम के मध्य पूज्य आचार्यश्री चैत्यसागर जी महाराज के मंगल प्रवचन सम्पन्न हुए।आचार्य श्री ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में धर्म,संयम एवं आत्म कल्याण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए श्रद्धालुओं को जिनवाणी के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। उनके प्रवचनों ने उपस्थित जनसमूह को आध्यात्मिक शांति एवं आत्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत कर दिया।महोत्सव के अंतर्गत संगीतमय सामूहिक पूजन का आयोजन भी किया गया, जिसमें महिला मंडल,युवक-युवतियों एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
भक्तजन भक्ति रस में डूबे
पूजन के दौरान प्रस्तुत भक्ति गीतों एवं स्तुतियों ने वातावरण को पूर्णतः धर्ममय बना दिया। श्रद्धालुओं ने भगवान शांतिनाथ के चरणों में आराधना कर विश्व शांति, सुख- समृद्धि एवं मानव कल्याण की मंगल कामना की।सायंकाल आयोजित भव्य भजन संध्या ने पूरे महोत्सव में चार चांद लगा दिए। शाम 7 बजे से प्रारंभ हुई इस भक्तिमय संध्या में भजन गायकों द्वारा प्रस्तुत मधुर जैन भजनों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। देर रात्रि 10 बजे तक चले इस कार्यक्रम में भक्तजन भक्ति रस में डूबे नजर आए तथा भगवान की आराधना में लीन होकर झूमते दिखाई दिए। मंदिर समिति द्वारा पूरे आयोजन को अत्यंत भव्य एवं आकर्षक स्वरूप प्रदान किया गया था। महोत्सव के सफल आयोजन पर श्री शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर समिति एवं समस्त समाजजनों ने सभी श्रद्धालुओं, सहयोगियों एवं धर्मप्रेमियों का आभार व्यक्त किया। इस आयोजन ने आगरा के धार्मिक वातावरण को भक्तिमय बना दिया तथा समाज में धर्म प्रभावना एवं आध्यात्मिक जागरूकता का सुंदर संदेश प्रसारित किया।













Add Comment