समाचार

निस्वार्थ भक्ति से ही मोक्ष संभव : महावीर भवन स्थानक में दिगंबर एवं श्वेतांबर संतों का ऐतिहासिक मिलन, जैन एकता का दिया संदेश


आगरा के महावीर भवन स्थानक में पहली बार दिगंबर स्थविर संत श्री सूरत्नसागराचार्य जी महाराज ससंघ का भव्य स्वागत हुआ। दिगंबर और श्वेतांबर संतों ने निस्वार्थ भक्ति, धर्म, सेवा और समाज की एकता का संदेश देते हुए समरसता की प्रेरणा दी। पढ़िए श्रीफल साथी शुभम जैन की यह रिपोर्ट।


आगरा। महावीर भवन, न्यू राजा की मंडी में सोमवार को दिगंबर एवं श्वेतांबर जैन समाज के बीच प्रेम, सद्भाव और समरसता का प्रेरणादायी दृश्य देखने को मिला। पहली बार दिगंबर स्थविर संत श्री सूरत्नसागराचार्य जी महाराज ससंघ का महावीर भवन स्थानक में भव्य स्वागत किया गया। श्री शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर, टीचर्स कॉलोनी से विहार कर पधारे मुनिसंघ का प्रवचन प्रभाकर अनुपम मुनि जी महाराज ससंघ ने भावभीनी अगवानी की।

निस्वार्थ भक्ति से मिलता है मोक्ष

स्थविर संत श्री सूरत्नसागराचार्य जी महाराज ने कहा कि वर्तमान समय के सभी मानसिक और आध्यात्मिक रोगों की औषधि जिनेंद्र भक्ति है। उन्होंने कहा कि निस्वार्थ भाव से की गई भक्ति ही मनुष्य के दुःखों का निवारण करती है। छल, कपट और मायाचार से दूर रहकर भगवान के गुणगान एवं पूजन से ही मोक्ष का मार्ग प्रशस्त होता है।

उन्होंने एस.एस. जैन ट्रस्ट के अध्यक्ष सुरेंद्र जैन के समाज में एकता स्थापित करने के प्रयासों की सराहना करते हुए भगवान महावीर के चरणों के साथ उनके आचरण को भी अपनाने का आह्वान किया।

धर्म जोड़ता है, संप्रदाय नहीं

प्रवचन प्रभाकर अनुपम मुनि जी महाराज ने कहा कि संप्रदाय और धर्म में मूलभूत अंतर है। संप्रदाय विभाजन करता है, जबकि धर्म सबको जोड़ता है। उन्होंने सेवा को सर्वोच्च धर्म बताते हुए पंथगत भेदभाव भुलाकर समाज को एकजुट होने का संदेश दिया।

महासती रिद्धिमा जी ने कहा कि मनुष्य जन्म सर्वोत्तम है, क्योंकि इसी जीवन में तप, आत्मधर्म और साधना के माध्यम से मोक्ष प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने स्वाभिमान और अभिमान के अंतर को स्पष्ट करते हुए वर्तमान समय में सामाजिक एकता की आवश्यकता पर बल दिया।

समाजजनों ने किया संतों का अभिनंदन

एस.एस. जैन ट्रस्ट के अध्यक्ष सुरेंद्र जैन ने कहा कि मुनिसंघ के आगमन से इस पुण्यस्थल की आध्यात्मिक ऊर्जा और बढ़ गई है। आगरा दिगंबर परिषद के अध्यक्ष जगदीश प्रसाद जैन ने कहा कि चातुर्मास के दौरान श्रद्धालुओं को धर्मज्ञान का विशेष लाभ मिलेगा।

पूर्व अध्यक्ष जितेंद्र जैन ने स्वर्गीय अशोक जैन (सीए) द्वारा किए गए जैन एकता के प्रयासों को स्मरण किया। मूर्तिपूजक संघ के राजकुमार जैन ने पूज्य विद्यानंद मुनि जी एवं राष्ट्रसंत कवि अमर मुनि जी के समाज एकता के योगदान को याद किया।

भजनों से भक्तिमय बना वातावरण

कार्यक्रम में श्री शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर, टीचर्स कॉलोनी के अध्यक्ष राकेश जैन पर्दे वाले, मंत्री दीपक जैन मसाले वाले, एस.एस. जैन समिति लोहामंडी के मंत्री सुशील जैन, मनोज जैन सहित अनेक समाजजन उपस्थित रहे। सरिता काला, प्रीति गादिया एवं श्रुति जैन ने भजनों की मधुर प्रस्तुतियाँ दीं। कार्यक्रम का संचालन डॉ. राजीव जैन ने किया तथा एस.एस. जैन ट्रस्ट के मंत्री राजेश सकलेचा ने आभार व्यक्त किया।

आप को यह कंटेंट कैसा लगा अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
+1
0
+1
0
+1
0
Shree Phal News

About the author

Shree Phal News

Add Comment

Click here to post a comment

You cannot copy content of this page