समाचार

दो किमी पैदल मौन जुलूस निकाल जताया रोष : वाहन चालक पर कठोर कार्रवाई की मांग की


रीवा में जैन साध्वियों के साथ घटित घटना से जैन समाज में रोष है। मड़ावरा जैन समाज और क्षेत्रीय समाज ने मौन जुलूस निकाला। उपजिलाधिकारी मड़ावरा को ज्ञापन देकर संत सुरक्षा समिति गठित करने के साथ ही दुर्घटना करने वाले वाहन चालक पर ठोस कार्रवाई की मांग की गई। मड़ावरा(ललितपुर) से पढ़िए, 


मड़ावरा(ललितपुर)। रीवा शहर में पैदल विहार करते हुए चली जा रही जैन साध्वियों के साथ घटित हुई दुर्घटना के विरोध में सकल दिगम्बर जैन समाज मड़ावरा एवं क्षेत्रिय समाज द्वारा एक विशाल मौन जुलूस निकालकर घटना की एसआईटी जांच के साथ ही संत सुरक्षा सुनिश्चित की जाने के बाबत राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी मड़ावरा को प्रेषित किया गया। मौन जुलूस के रूप में तहसील मुख्यालय पहुंचे जैन समाज के सैकड़ों महिला पुरुषों ने उपजिलाधिकारी मड़ावरा को एक ज्ञापन प्रेषित किया किया ज्ञापन में बताया कि मध्यप्रदेश के रीवा शहर में सड़क किनारे पैदल विहार कर जा रही तीन जैन साध्वियों को तेजगति से चले आ रहे वाहन के चालक द्वारा जानबूझकर टक्कर मारकर भाग जाना एक सुनियोजित घटना है जिसकी जांच होना आवश्यक है साथ ही सरकार को संतों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एक सुरक्षा समिति गठित करना चाहिए जिससे ऐसी घटना की पुनरावृत्ति आगे न होने पाए। बता दें कि मध्यप्रदेश के रीवा में दिनांक 20 मई को तीन जैन साध्वियां पैदल विहार करते हुए चली जा रही थी जिन्हें तेजगति से चले आ रहे वाहन द्वारा जानबूझकर टक्कर मार दी थी। जिससे दो जैन साध्वियों की मौके पर ही मौत हो गयी थी टक्कर मारकर वाहन चालक भाग निकला था। जिसको करीब 270 किलोमीटर दूर आखिर पकड़ लिया गया। जिसकी पहचान राशिद अली के रूप में हुई थी।

उक्त घटना के विषय में घटना स्थल के सीसीटीवी फुटेज प्राप्त होने के बाद साफ प्रतीत हो रहा है कि यह घटना सम्बन्धित व्यक्ति द्वारा जानबूझकर की गयी है जिसकी उचित जांच होना आवश्यक है उक्त घटना के बाद से भारत देश के कोने कोने में पैदल विहार करने वाले साधु संतों की सुरक्षा पर प्रश्नचिन्ह लग रहा है सम्पूर्ण देश के जैन समुदाय द्वारा संतो की सुरक्षा को दृष्टिगत रख संत सुरक्षा सुनिश्चित किये जाने की मांग करते हुए उक्त घटना की उचित जांच की मांग की जा रही है। ज्ञापन के दौरान सकल दिगम्बर जैन समाज के साथ ही तहसील मड़ावरा अंतर्गत सैदपुर,साडूमल,बम्होरी,सौंरई आदि ग्रामों के जैन समुदाय के महिला पुरुष श्रद्धालु उपस्तिथ रहे।

आप को यह कंटेंट कैसा लगा अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
+1
0
+1
0
+1
0
Shree Phal News

You cannot copy content of this page