गंगापुर सिटी के श्री महावीर जी रेलवे स्टेशन प्रांगण में अमृत भारत स्टेशन स्कीम के अंतर्गत भगवान महावीर स्वामी की विशालकाय प्रतिमा स्थापित की जा रही है। लगभग 1400 किलो वजनी इस ब्रॉन्ज प्रतिमा का निर्माण अंतिम चरण में है। जैन समाज और रेलवे अधिकारियों ने कार्य की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया। पढ़िए राजेश जैन दद्दू की रिपोर्ट…
गंगापुर सिटी। विश्व प्रसिद्ध अतिशय क्षेत्र श्री महावीर जी रेलवे स्टेशन प्रांगण में शीघ्र ही भगवान महावीर स्वामी की विशालकाय प्रतिमा विराजमान होगी। अमृत भारत स्टेशन स्कीम के तहत स्टेशन प्रांगण के गोल सर्किल के अंदर उच्च आसन पर यह प्रतिमा स्थापित की जाएगी। धर्म समाज प्रचारक राजेश जैन दद्दू ने बताया कि प्रतिमा ब्रॉन्ज मेटल से निर्मित होगी जिसका वजन लगभग 1400 किलो है। इसका निर्माण जयपुर के प्रसिद्ध शिल्पकार संतोष शर्मा कर रहे हैं, जबकि समग्र डिज़ाइन और दिशा-निर्देशन जैन समाज के सुप्रसिद्ध वास्तुविद राजकुमार कोठारी के नेतृत्व में हो रहा है। प्रतिमा की छतरी बंसी पहाड़पुर के पत्थर से कलात्मक ढंग से निर्मित की जा रही है।
आज दिगंबर जैन अतिशय क्षेत्र श्री महावीर जी की प्रबंधकारिणी कमेटी के पदाधिकारी – अध्यक्ष सुधांशु कासलीवाल, जस्टिस एन.के. जैन, पूर्व अध्यक्ष एस.के. जैन (सेवानिवृत्त आईपीएस), उपाध्यक्ष सुभाष जैन जौहरी, मानद मंत्री विवेक काला, कोषाध्यक्ष आदि – ने प्रतिमा निर्माण का अवलोकन किया और संतोष प्रकट किया।
बिजौलिया पत्थर से बने कमलाकार आसन पर स्थापित किया जाएगा
रेलवे के वरिष्ठ सहायक मंडल इंजीनियर अनिल कुमार जैन और सीनियर सेक्शन इंजीनियर गीतेश मीणा ने बताया कि प्रतिमा के पूर्ण होने पर इसे बिजौलिया पत्थर से बने कमलाकार आसन पर स्थापित किया जाएगा। इसके साथ ही तोरण द्वार, मंडप, भामंडल का कार्य और सुरक्षा हेतु रेलिंग तथा सर्किल के अंदर ग्रीन बेल्ट का विकास भी किया जाएगा।
दिगंबर जैन सोशल ग्रुप फेडरेशन के राष्ट्रीय सचिव नरेंद्र जैन नृपत्या भी समय-समय पर प्रतिमा कार्य की निगरानी कर रहे हैं। समाज प्रवक्ता ने बताया कि यह परियोजना न केवल जैन समाज की आस्था को नई पहचान देगी, बल्कि रेलवे स्टेशन को भी सांस्कृतिक और धार्मिक दृष्टि से समृद्ध करेगी। इस अतिसारहनिय कार्य को लेकर सम्पूर्ण जैन समाज ने प्रसन्नता जताई है और रेलवे प्रशासन एवं केंद्रीय रेल मंत्री का आभार व्यक्त किया है।













Add Comment