मोक्ष सप्तमी के अवसर पर श्री दिगम्बर जैसवाल जैन उपरोचिया सेवा न्यास द्वारा शिखरजी में नि:शुल्क चिकित्सा शिविर एवं वात्सल्य भोज का आयोजन किया गया। इस सेवा का लाभ 10,000 से अधिक श्रद्धालुओं ने लिया। आयोजन में चार डॉक्टरों की टीम ने नि:शुल्क दवाएं वितरित कीं। पढ़िए पूरी रिपोर्ट…
अम्बाह। श्री दिगम्बर जैसवाल जैन उपरोचिया सेवा न्यास परिवार द्वारा समाज, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं धार्मिक क्षेत्र में लगातार सेवा कार्य किए जा रहे हैं। इसी श्रृंखला में 30 एवं 31 जुलाई, 2025 को मोक्ष सप्तमी के पावन अवसर पर श्री सम्मेद शिखरजी के डाक बंगले परिसर में एक विशाल वात्सल्य भोज एवं नि:शुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
यह आयोजन उन श्रद्धालु साधर्मी बंधुओं के लिए समर्पित था, जो पर्वत वंदना हेतु शिखरजी तीर्थ की यात्रा पर आए थे। न्यास परिवार द्वारा भोज की उत्तम, सुसंस्कारी और नि:शुल्क व्यवस्था की गई थी। चिकित्सा सेवा के अंतर्गत चार योग्य डॉक्टरों की टीम ने मौके पर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कीं तथा सभी आवश्यक दवाएं नि:शुल्क वितरित की गईं।
10 हज़ार से अधिक श्रद्धालुओं ने उठाया लाभ
इस सेवा आयोजन का लाभ लगभग 10,000 से अधिक श्रद्धालुओं ने उठाया। तीर्थयात्रियों और स्थानीय समिति द्वारा इस सेवा को अत्यंत सराहनीय और अनुकरणीय सामाजिक पहल माना गया।
इस सफल आयोजन के प्रमुख संयोजक रहे सीए कमलेश जैन गुरुग्राम, सुदीप जैन अमिल्हेड़ा, रूपेश जैन उत्तम नगर और उनके परिवारजन। उपरोचिया सेवा न्यास परिवार के सभी सदस्यों ने भी समर्पण भाव से सहयोग प्रदान किया।
स्थानीय निवासी सुदीप जैन ने कहा — “ऐसे सेवा कार्य तीर्थयात्रियों को सहूलियत देने के साथ-साथ धर्म और मानवता की सच्ची सेवा हैं।”
समाज के विभिन्न वर्गों से इस पहल के लिए अनंत अनुमोदना प्राप्त हुई है। यह आयोजन सेवा, करुणा और सह-अस्तित्व की भावना को सशक्त करता है — जो उपरोचिया सेवा न्यास का मूल उद्देश्य है।













Add Comment