समाचार

विनोली यात्रा एवं गोद भराई कार्यक्रम संपन्न स्त्री पर्याय छेदन के लिए आर्यिका दीक्षा आवश्यक है - दीक्षार्थी मनु दीदी


मुरैना नगर की त्यागीव्रती श्राविका मनु जैन अपने लक्ष्य की ओर बढ़ते हुए 17 दिसम्बर को जैनेश्वरी आर्यिका दीक्षा अंगीकार कर रहीं हैं। इसी संदर्भ में दीक्षार्थी मनु जैन की गोद भराई का रखा गया। इस अवसर पर विनोली यात्रा भी निकाली गई। पढ़िए मनोज नायक की यह विशेष रिपोर्ट…


मुरैना। स्त्री पर्याय का छेदन करने के लिए जैनेश्वरी आर्यिका दीक्षा लेकर संयम के पथ को स्वीकार करना आवश्यक है। मैं जब तक सांसारिक जीवन में रही, तब तक मोह माया के भंवर में भटकती रही। अब मैं अपना अंतिम समय जैनेश्वरी आर्यिका दीक्षा धारणकर आत्म कल्याण हेतु श्री जिनेंद्र प्रभु की शरण में व्यतीत करना चाहती हूं। मेरे से प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से जो भी गलती या अपराध हुआ हो उसके लिए मैं संसार के सभी जीवों से क्षमा चाहती हूं और मैं भी सभी को क्षमा करती हूं। ये विचार मुरैना की दीक्षार्थी बहिन मनू दीदी ने बड़ा जैन मंदिर मुरैना में विनोली यात्रा एवं गोद भराई के पावन अवसर पर उपस्थित बंधुओं को संबोधित करते हुए व्यक्त किए।

वसुनंदी जी महाराज से करेंगी दीक्षा ग्रहण

दिगंबर जैसवाल जैन उपरोंचिया समाज अजमेर के श्री छीतरमल जैनोदेवी जैन नायक परिवार में जन्मीं मुरैना निवासी नत्थीलाल सुमतिचंद जैन घी वालों की पुत्रवधू मनु जैन 17 दिसम्बर को जैनाचार्य श्री वसुनंदी जी महाराज से जैन तीर्थ श्री जम्मुस्वामी तपोस्थली बोलखेड़ा कामा में जैनेश्वरी आर्यिका दीक्षा ग्रहण कर रही हैं।

पंच मेवा से गोद भराई

दीक्षा से पूर्व मनोज जैन अम्बाह बालों के निज निवास से दीक्षार्थी मनु जैन की भव्य विनोली शोभा यात्रा निकाली गई । मनू दीदी को हार मुकुट से सुसज्जित कर घोड़ा बग्घी में विराजमान किया गया। गाजे बाजे के साथ भव्य विनोली यात्रा प्रमुख मार्गों से भ्रमण करती हुई बड़ा जैन मंदिर मुरैना पहुंची। मंदिर जी में सर्वप्रथम त्यागी व्रतियों ने पंच मेवा से दीक्षार्थी की गोद भराई की। तत्पश्चात परिवारिजनो, रिश्तेदारों एवं उपस्थित सधर्मी बंधुओं ने गोद भराई करते हुए दीक्षार्थी के पुण्य की अनुमोदना की। इससे पूर्व दोपहर में पारसकुमार गर्विश जैन के निवास जीवाजी गंज में गोद भराई की गई। बड़े जैन मंदिर में गोद भराई सभा में अनीता दीदी, मंजुला दीदी, महेंद्र शास्त्री, नवनीत शास्त्री, राजेंद्र भंडारी, धर्मेंद्र जैन एडवोकेट, गैदालाल जैन, मुन्नी साहुला, मधु जैन ने आर्यिका दीक्षा एवं मनु दीदी के संदर्भ में प्रकाश डाला। अंत में महेशचंद्र बंगाली ने सभी का आभार व्यक्त किया।

आप को यह कंटेंट कैसा लगा अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
+1
6
+1
0
+1
1
Shreephal Jain News

About the author

Shreephal Jain News

Add Comment

Click here to post a comment

You cannot copy content of this page