समाचार

एम.डी जैन इंटर कॉलेज ग्राउंड हरीपर्वत में आयोजन : 14 जून से शुरू होगा श्री आदिनाथ पंचकल्याणक प्रतिष्ठा एवं महामस्तकाभिषेक महोत्सव


आचार्य विशुद्ध सागर जी महाराज ससंघ के पावन सानिध्य में आगरा नगर को 24 जिनबिंब युक्त मानस्तंभ के पंचकल्याणक एवं महा मस्तकाभिषेक कराने का सौभाग्य वाणीभूषण ब्रह्मचारी प्रतिष्ठाचार्य जय कुमार जी निशांत टीकमगढ़ के निर्देशन में प्राप्त हो रहा है। पढ़िए शुभम जैन की विशेष रिपोर्ट…


आगरा। श्री आदिनाथ पंचकल्याणक प्रतिष्ठा मानस्तंभ एवं महामस्तकाभिषेक महोत्सव आगरा दिगंबर जैन परिषद के तत्वावधान में चर्या शिरोमणि आचार्य श्री विशुद्ध सागर जी महाराज ससंघ के पावन सानिध्य में 14 जून से 21 जून के मध्य हर्षाेल्लास के साथ एम.डी जैन इंटर कॉलेज के मैदान पर मनाया जाएगा।आगरा दिगंबर जैन परिषद ने की एक पत्रकार वार्ता 12 जून दिन सोमवार को आगरा के हरीपर्वत स्थित श्री शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर के नारायण भवन पर आयोजित की गई।

जिसमें पंचकल्याण आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव की पत्रिका का विमोचन किया। आगरा दिगंबर जैन परिषद के अध्यक्ष जगदीश प्रसाद जैन ने बताया कि आचार्य विशुद्ध सागर जी महाराज ससंघ के पावन सानिध्य में आगरा नगर को 24 जिनबिंब युक्त मानस्तंभ के पंचकल्याणक एवं महा मस्तकाभिषेक कराने का सौभाग्य वाणीभूषण ब्रह्मचारी प्रतिष्ठाचार्य जय कुमार जी निशांत टीकमगढ़ के निर्देशन में प्राप्त हो रहा है।

ये होंगे कार्यक्रम 

प्रथम दिन 14 जून को प्रातः 5:30 बजे से देवा आज्ञा एवं गुरु आज्ञा एवं प्रातः 6:00 बजे से विशाल घटयात्रा श्री नेमिनाथ दिगंबर जैन मंदिर पीर कल्याणी नसियां जी से प्रारंभ होकर घटिया होती हुई कार्यक्रम स्थल अयोध्या नगरी एम.डी जैन इंटर कॉलेज मैदान पर पहुंचेगी। जहां प्रातः 8:00 बजे से ध्वजारोहण वेदी शुद्धि, मंडप उद्घाटन एवं प्रातः 9:00 से महाराज श्री के मंगल प्रवचन एंव संकली करण इंद्र प्रतिष्ठा नंदी विधान एवं दोपहर 1:30 से याग मंडल विधान एवं सांय 7:30 बजे से मंगल आरती एवं प्रवचन प्रातः 8:00 बजे से इंद्र दरबार एवं गर्भ कल्याणक पूर्व रूप की मांगलिक क्रियाएं आदि कार्यक्रम होंगे।

1008 रत्नमयी स्वर्णमयी रजतमयी कलशों से होगा अभिषेक 

परिषद के महामंत्री सुनील जैन ठेकेदार ने बताया कि सुप्रसिद्ध प्राचीन जिनालय पीर कल्याण स्थित अतिशय क्षेत्र भगवान नेमिनाथ जिनालय के नवीनीकरण के साथ संत निवास, विशाल आहारशाला का निर्माण किया गया है। जिनालय के समक्ष 24 जिनबिंब युक्त और 41 फुट ऊतंग संगमरमरी मानस्तंभ का निर्माण से श्रावक श्रेष्ठी परिषद के अध्यक्ष जगदीश प्रसाद जैन मांगरौल वालों कमलानगर के द्वारा कराया गया है। इसके बाद 15 जून को गर्भ कल्याणक उत्तर रूप के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, वहीं 16 जून को प्रातःकाल आदिकुमार का जन्म बधाइयां, महाराज श्रीके मंगल प्रवचन, प्रातः 9:00 बजे से 100 सौधर्म इंद्र द्वारा अयोध्या नगरी की प्रदक्षिणा, इंद्राणी का आदिकुमार को लाना, प्रात: 10:00 बजे ऐरावत हाथी पर पांडुकशिला की जन्म कल्याणक का भव्य जुलूस जैसे कई कार्यक्रम होंगे। जुलूस एमडी जैन इंटर कॉलेज से प्रारंभ होकर सेंट पीटर्स कॉलेज, कॉसमॉस माल, संजय टॉकीज, संजय पैलेस, आजाद पेट्रोल पंप होते हुए हरीपर्वत स्थित अयोध्या नगरी पहुंचेगा, जहां पांडुकशिला पर आदिकुमार का 1008 रत्नमयी स्वर्णमयी रजतमयी कलशों से अभिषेक किया जाएगा। शाम को भगवान श्री जी की मंगल आरती एवं रात्रि 9:00 बजे से आदिकुमार का पालना बालक्रीड़ा आदि कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे।

22 मुनिराजों का मिलेगा सानिध्य

इस महोत्सव के मुख्य संयोजक मनोज जैन बाकलीवाल ने बताया कि यह आगरा दिगंबर जैन समाज के लिए ऐतिहासिक क्षण है क्योंकि इस कार्यक्रम को आचार्य विशुद्ध सागर जी सहित 22 मुनिराजों का सानिध्य प्राप्त हो रहा है और अभी तक जो पंचकल्याणक हुए हैं, वे किसी ना किसी से शैली से हुए हैं परंतु यह पंचकल्याणक समूचे आगरा नगर का है। प्रख्यात संगीतकार राम कुमार जैन भोपाल की स्वर मधुर लहरियों के द्वारा पूजन-विधान आदि कार्यक्रम होंगे। पंचकल्याणक नाटय रुपांतर क्रियायें सौरभ जैन एंड पार्टी जबलपुर द्वारा आकर्षण मंचन द्वारा प्रस्तुत की जाएंगी। 17 जून को तपकल्याणक की क्रियाएं संपन्न की जाएंगी। 18 जून को ज्ञान कल्याण महोत्सव के कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। 19 जून को भगवान आदिनाथ का कैलाश पर्वत पर दर्शन, निर्वाण प्राप्ति, निर्वाण कल्याणक पूजन एवं विश्व शांति महायज्ञ सुबह: 8:00 बजे से होगा। नव प्रतिष्ठा जिनबिंब की भव्य शोभायात्रा मेला ग्राउंड से प्रारंभ होकर घटिया, धूलिया गंज बेलनगंज होते हुए जीवनी मंडी रोड से नसियां जी पहुंचेगी, जहां मानस्तंभ में विराजित कर 24 जिनबिंब का महामस्तकाभिषेक प्रारंभ होगा।

कोलकाता से आए कारीगरों ने किया निर्माण

कोलकाता से आए कारीगरों द्वारा अयोध्या नगरी रूपी पंडाल का निर्माण एम.डी.जैन कॉलेज के मैदान पर किया जा रहा है। जिसमें पंचकल्याणक के सभी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम की तैयारी पूर्ण हो गई है। इस पत्रकार वार्ता में मुख्य रूप से आगरा दिगंबर जैन परिषद के अध्यक्ष जगदीश प्रसाद जैन, महामंत्री सुनील जैन ठेकेदार, अर्थमंत्री राकेश जैन पर्देवाले, महोत्सव के मुख्य संयोजक मनोज जैन बाकलीवाल, संयोजक पंकज जैन, अनंत जैन, राकेश जैन बजाज, मीडिया प्रभारी आशीष जैन मोनू, सहमीडिया प्रभारी शुभम जैन, सतीशचंद जैन, अनिल जैन रईस, नरेश जैन, महिपाल जैन, अंकेश जैन, मुकेश जैन रपरिया, अनिल जैन, पीयूष जैन आदि मौजूद रहे।

आप को यह कंटेंट कैसा लगा अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
+1
5
+1
0
+1
1
Shreephal Jain News

You cannot copy content of this page