समाचार

प्रागैतिहासिक अतिशय क्षेत्र नवागढ़ में वर्षायोग स्थापना एवं गुरु पूर्णिमा महोत्सव संपन्न : मुनि श्री मंगलानंद सागर ने दिया आत्मसंयम और स्वाध्याय का संदेश


प्रागैतिहासिक अतिशय क्षेत्र नवागढ़ में मुनि श्री मंगलानंद सागर महाराज एवं मुनि श्री मंगलसागर महाराज का वर्षायोग (चातुर्मास) स्थापना समारोह एवं गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ सम्पन्न हुआ। देशभर से श्रद्धालु उपस्थित रहे। पढ़िए श्रीफल साथी डॉ. सुनील जैन ‘संचय’ की यह रिपोर्ट।


ललितपुर। मनोकामना-पूर्ण अतिशयकारी भगवान अरनाथ के एकमात्र प्रागैतिहासिक अतिशय क्षेत्र नवागढ़ में बुधवार को संत शिरोमणि आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज के शिष्य मुनि श्री सरल सागर महाराज के प्रभावक शिष्य मुनि श्री मंगलानंद सागर महाराज एवं मुनि श्री मंगलसागर महाराज का वर्षायोग (चातुर्मास) स्थापना समारोह सकल दिगंबर जैन समाज के तत्वावधान में श्रद्धा एवं भक्ति के वातावरण में सम्पन्न हुआ।

देशभर से उमड़े श्रद्धालु

प्रचारमंत्री डॉ. सुनील जैन ‘संचय’ ने बताया कि हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात तथा दिल्ली सहित विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु नवागढ़ पहुंचे। श्रद्धालुओं ने जिनवाणी समर्पित कर धर्मलाभ अर्जित किया तथा गुरुजनों के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।

गुरुदेव ने दिया आत्मसंयम का संदेश

अपने मंगल प्रवचनों में मुनि श्री मंगलानंद सागर महाराज ने कहा कि चातुर्मास केवल साधु-संतों की साधना का काल नहीं, बल्कि श्रावकों के लिए भी आत्मसंयम, स्वाध्याय और धर्माराधना का श्रेष्ठ अवसर है। वर्षाकाल में अनावश्यक समारंभों एवं हिंसात्मक प्रवृत्तियों से बचते हुए सूक्ष्म जीवों की रक्षा का विशेष ध्यान रखना चाहिए।

धर्म को जीवन में उतारने का आह्वान

मुनिश्री ने कहा कि आज भौतिकता के प्रभाव से धार्मिक आयोजनों में अध्यात्म की अपेक्षा अर्थप्रधानता बढ़ती दिखाई दे रही है। उन्होंने श्रद्धालुओं से जैन धर्म के सिद्धांतों को व्यवहार में अपनाकर आत्मचिंतन, सम्यक आचरण और मोक्षमार्ग की ओर अग्रसर होने का आह्वान किया।

कलश स्थापना एवं धार्मिक क्रियाएँ

चरण प्रक्षालन का सौभाग्य राहुल जैन परिवार (फरीदाबाद) को प्राप्त हुआ। जिनवाणी भेंट का सौभाग्य ब्रह्मचारी जयकुमार निशांत, शिखरचंद जैन एवं श्रीमती पुष्पा जी पुष्प परिवार तथा गिरीश कुमार जैन एवं श्रीमती पूनम देवी (अहमदाबाद) को मिला। चातुर्मास के प्रथम से षष्ठ कलश तक विभिन्न श्रद्धालु परिवारों ने धर्मलाभ अर्जित किया।

सफल आयोजन में रहा सभी का सहयोग

सैकड़ों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में सम्पन्न समारोह को सफल बनाने में श्री पुष्पेंद्र कुमार संगीतकार, चक्रेश सोजना एंड पार्टी, नवागढ़ गुरुकुलम्, क्षेत्र समिति एवं चातुर्मास समिति का विशेष सहयोग रहा।

आप को यह कंटेंट कैसा लगा अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
+1
0
+1
0
+1
0
Shree Phal News

You cannot copy content of this page