समाचार

गिरनार जी पर नेमिनाथ भगवान के निर्वाण दिवस पर एक लाख श्रद्धालुओं को पहुंचाने का लक्ष्य : आचार्य निर्भय सागर ने धर्मयात्रा को दिया मंगल आशीर्वाद


आगरा के जयपुर हाउस स्थित श्री शांतिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर में श्री नेमि गिरनार धर्म यात्रा प्रभावना रथ का भव्य स्वागत हुआ। आचार्य श्री 108 निर्भय सागर जी महाराज ने यात्रा को मंगल आशीर्वाद प्रदान किया। पढ़िए श्रीफल साथी मनोज कुमार जैन बांकलीवाल की यह रिपोर्ट।


आगरा। श्री नेमि गिरनार धर्म यात्रा प्रभावना रथ का शनिवार को जयपुर हाउस स्थित श्री शांतिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर में परम पूज्य आचार्य श्री 108 निर्भय सागर जी महाराज ससंघ के मंगल सान्निध्य में भव्य आगमन हुआ। रथ पर विराजित काले पाषाण से निर्मित सवा दो फुट ऊँची भगवान नेमिनाथ की मनोहारी प्रतिमा के दर्शन कर श्रद्धालु भक्ति एवं उत्साह से सराबोर हो गए।

आचार्यश्री ने दिया मंगल आशीर्वाद

पूज्य आचार्य श्री 108 निर्भय सागर जी महाराज ने गिरनार धर्म यात्रा के सफल एवं निर्विघ्न संपन्न होने के लिए मंगल आशीर्वाद प्रदान करते हुए समाज से अधिक से अधिक संख्या में गिरनार जी की वंदना एवं धर्मयात्रा में सहभागिता का आह्वान किया। उन्होंने तीर्थों के संरक्षण और धर्मप्रभावना के लिए जनभागीदारी को आवश्यक बताया।

एक लाख श्रद्धालुओं का रखा लक्ष्य

विश्व जैन संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय जैन ने बताया कि आगामी 19 जुलाई 2026 को 22वें जैन तीर्थंकर भगवान नेमिनाथ के निर्वाण दिवस पर गिरनार जी में जीववंदना के लिए इस वर्ष एक लाख श्रद्धालुओं को पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि गत वर्ष लगभग 25 हजार श्रद्धालुओं ने इस ऐतिहासिक आयोजन में भाग लिया था और इस बार उस संख्या को कई गुना बढ़ाने का संकल्प लिया गया है।

समाज से किया सहयोग का आह्वान

संजय जैन ने आगरा सहित देशभर के जैन समाज से अपील की कि अधिक से अधिक श्रद्धालु गिरनार धर्मयात्रा में शामिल हों। उन्होंने कहा कि जो स्वयं यात्रा पर नहीं जा सकते, वे अपनी सामर्थ्य के अनुसार किसी अन्य श्रद्धालु की यात्रा में सहयोग करें, ताकि अधिकाधिक लोगों को भगवान नेमिनाथ की निर्वाण भूमि के दर्शन का पुण्य प्राप्त हो सके।

जयपुर हाउस समाज का रहा उत्साह

जयपुर हाउस जैन समाज द्वारा धर्मयात्रा के प्रति विशेष उत्साह और समर्पण का परिचय दिया गया। विश्व जैन संगठन की ओर से मंदिर प्रबंधक समिति एवं समाजजनों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय संयोजक अनंत जैन के नेतृत्व में छीपीटोला, सेक्टर क्षेत्र, कमला नगर, ट्रांसयमुना तथा आगरा के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

तीर्थ संरक्षण का दिया संदेश

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि तीर्थों की रक्षा और धर्म के प्रति समर्पण केवल विचारों से नहीं, बल्कि सक्रिय सहभागिता और सहयोग से साकार होता है। गिरनार धर्मयात्रा से जुड़ने वाले सभी धर्मप्रेमी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

आगे का यात्रा कार्यक्रम

यात्रा कोऑर्डिनेटर अंचल जैन ने बताया कि 29 जून को प्रातः फिरोजाबाद, सायंकाल शिकोहाबाद तथा 30 जून की प्रातः भगवान नेमिनाथ की जन्मस्थली शौरीपुर में दर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त करने के बाद धर्मयात्रा अपने अगले पड़ाव की ओर प्रस्थान करेगी। कार्यक्रम के अंत में विश्व जैन संगठन के सम्मानित सदस्य अभिषेक जैन ने सभी का आभार व्यक्त किया।

आप को यह कंटेंट कैसा लगा अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
+1
0
+1
0
+1
0
Shree Phal News

About the author

Shree Phal News

Add Comment

Click here to post a comment

You cannot copy content of this page